व्यापारियों एवं स्थानीय जनता के सुझावों का होगा अनुपालन : एसपी
सीएलजी की बैठक हुई आयोजित

सीएलजी बैठक में दिए गए सुझाव बेलनी पुल को सभी प्रकार के वाहनों हेतु खोला जाए, मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था हो दुरुस्त
रुद्रप्रयाग। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय सभागार में कोतवाली रुद्रप्रयाग में सामुदायिक सम्पर्क समूह के सदस्यों के साथ सामूहिक गोष्ठी आयोजित की गयी। सामुदायिक सम्पर्क समूह की बैठक में पिछली बैठक में उठाये गए बिंदुओं के अनुपालन का अनुश्रवण किया गया। तत्पश्चात उपस्थित सदस्यों से समस्या व सुझाव लिए गये। सुझावों में बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किये जाने, बाजार से लम्बी समयावधि से खड़े वाहनों को हटाये जाने, पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराये जाने, आवारा पशुओं से होने वाली दिक्कतों, बेलनी पुल को सभी प्रकार के वाहनों हेतु खोले जाने, मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था दुरुस्त किये जाने, बाजार के अतिक्रमण को हटाये जाने, स्थानीय लोगों को बाजार में दुपहिया वाहन में हेलमेट की अनिवार्यता से अवमुक्त रखे जाने, गुलाबराय मैदान के किनारे के हिस्सों को डम्पिंग जोन बनाते हुए भविष्य के लिये पार्किंग के दृष्टिगत इसका विस्तार किये जाने सम्बन्धी बिन्दुओं को उठाया गया।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा अवगत कराया गया कि पुलिस विभाग के स्तर से कम से कम तीन माह के अन्दर इस प्रकार की गोष्ठी का आयोजन प्रत्येक थाना क्षेत्रान्तर्गत किया जाता है। जिसमें कि वे थाना क्षेत्रान्तर्गत के सी0एल0जी0 सदस्यों से गोष्ठी कर उनके सुझावों तथा पुलिस के स्तर से क्या कुछ नया किया जा सकता है, इस पर चर्चा की जाती है। आज आयोजित हुई बैठक में उठाये गये पुलिस विभाग से सम्बन्धित बिन्दुओं पर यथोचित कार्यवाही किये जाने हेतु पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग को निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में होने वाली यात्राकाल अवधि तथा ऑफसीजन में भी बेहतर यातायात व्यवस्था बनायी जायेगी। स्थानीय व्यापार मण्डल एवं स्थानीय लोगों के हितों के अनुरूप यातायात एवं अन्य पुलिसिंग व्यवस्थायें की जायेंगी। जनपद में आने वाले पर्यटकों के सहयोग एवं जानकारी हेतु पर्यटन प्रशिक्षण प्राप्त पुलिस कार्मिक नियुक्त किये जायेंगे।
अन्त में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा सभी उपस्थित महानुभावों एवं सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित कर गोष्ठी का समापन किया गया। 
इस अवसर पर अध्यक्ष नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग श्रीमती गीता झिंक्वाण, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग श्री प्रबोध कुमार घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन्स श्रीमती हर्षवर्द्धनी सुमन, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग श्री जयपाल सिंह नेगी, निरीक्षक यातायात श्री श्याम लाल, चौकी प्रभारी जवाड़ी दिनेश सती सहित सर्व श्री चन्द्रमोहन सेमवाल अध्यक्ष व्यापार मण्डल, श्री सुरेन्द्र सिंह झिंक्वाण, श्री अंकुर खन्ना, श्री प्रमोद बगवाड़ी, श्री बुद्वि बल्लभ ममगाईं, श्री लक्ष्मण सिंह बिष्ट, श्रीमती सुशीला बिष्ट सहित आदि सदस्य उपस्थित रहे।



