विभागों की अनदेखी के कारण खस्ताहाल फाटा जामू सड़क मार्ग

विभागों की अनदेखी के कारण खस्ताहाल फाटा जामू सड़क मार्ग, ग्रामीण वाहन छोड़ पैदल चलने को मजबूर
गुप्तकाशी। विकास खण्ड उखीमठ के ग्राम जामू को फाटा मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क 2015 – 16 में पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित की गई थी। सड़क के निर्माण होने के बाद ठेकेदार द्वारा पानी की निकासी के लिए नालियां नहीं बनाई गई साथ ही निर्माण के बाद इस मार्ग की कभी कोई सुध भी नहीं ली है। विभाग की अनदेखी के कारण मार्ग आज जर्जर स्थिति में बना हुआ है, ग्रामीण सड़क पर वाहन ले जाने में डर रहे हैं, ग्रामीणों ने बताया कि पीएमजीएसवाई विभाग को कई बार सड़क की जर्जर होती स्थिति से अवगत कराया गया। किन्तु मजाल है कि विभाग ने कभी सन्तोषजनक कार्यवाही की हो।
ग्राम जामू में यात्रा काल में तीन हेली सेवाएं केदारनाथ धाम के लिए संचालित होती हैं। यात्रा के दौरान वीआईपी, अधिकारी एवं प्रतिनिधि इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन कोई भी जिम्मेदार अफसरान इस मार्ग की सुध लेने को तैयार नहीं है। मुख्यमंत्री सभी राजमार्ग सहित ग्रामीण सड़कों को गड्डमुक्त करने के ढोल पिट रहे हैं, परन्तु ग्राम जामू सड़क मार्ग की दयनीय हालत देख ग्रामीण पैदल गांव की ओर रुख कर रहे हैं। पीएमजीएसवाई से मिली जानकारी के अनुसार फाटा – जामू सड़क को पीडब्लूडी को स्थानांतरित किया गया है।
अधिशासी अभियंता लोनिवि मनोज भट्ट ने बताया कि फाटा – जामू सड़क पीएमजीएसवाय से हाल ही पीडब्ल्यूडी स्थानांतरित हुई है। सड़क से डामरीकरण उखड़ चुका हैं। लोनिवि अगले एक सप्ताह में सड़क के मरम्मतीकरण को फ़ाइल शासन को भेजेगा। बजट स्वीकृत होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि विभाग के द्वारा फाटा जामू सड़क की सुध नही ली गयी तो वे मजबूरन आंदोलन का रुख करेंगे। उन्होंने शासन प्रशासन से फाटा जामू सड़क के अतिशीघ्र सुधारीकरण की मांग की है।



