मौसम : केदारनाथ यात्रा बंद होने से धाम में छाई वीरानी, स्थानीय व्यवसायियों का कारोबार ठप
पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश से तापमान में काफी गिरावट होने लगी है, केदारनाथ धाम की चोटियों पर बर्फबारी तो धाम में बारिश जारी है। यात्रा बंद होने से धाम में सन्नाटा पसरा हुआ है। यात्रियों को सोनप्रयाग से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। केदारनाथ हाईवे तीसरे दिन भी बांसवाड़ा में बंद है।
केदारनाथ धाम की यात्रा पर मानसून सीजन का बुरा असर पड़ा है। जुलाई-अगस्त के महीनों में यात्रा पूरी तरह से चरमरा गयी थी, जो की सितम्बर में भी जारी है। पांच सितम्बर तक यात्रा बंद है। केदारनाथ की चोटियों पर बर्फ गिर रही है। धाम में बारिश होने का सिलसिला जारी है। बारिश व बर्फबारी से धाम में ठंड भी अधिक बढ़ गयी है। बिना भक्तों के बाबा केदार का परिसर सुनसान पड़ा हुआ है। इस मानसून में स्थानीय लोगों का कारोबार भी पूरी तरह से ठप हो गया है। केदारनाथ होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम गोस्वामी ने कहा कि यात्रा बंद होने से यात्रा पड़ावों में सन्नाटा पसरा हुआ है। व्यापारियों के होटल, लॉज खाली पड़े हुए हैं। बिगड़ते मौसम ने यात्रा को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी जगह-जगह खतरा मंडरा रहा है तो सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच राजमार्ग पर भूधंसाव जारी है।



