उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंराजनीतिराष्ट्रीयरुद्रप्रयागसुरक्षा

आपसी झड़प में धारदार हथियार से शिक्षक ने दो सभासदों पर किया वार, बोहरा नर्सिंग होम रूद्रप्रयाग में चल रहा इलाज, पुलिस ने तहरीर के आधार पर किया मुकदमा दर्ज,

आपसी झड़प में धारदार हथियार से शिक्षक ने दो सभासदों पर किया वार, बोहरा नर्सिंग होम रूद्रप्रयाग में चल रहा इलाज, पुलिस ने तहरीर के आधार पर किया मुकदमा दर्ज,

कांग्रेस ने डीएम और एसपी से की मामले में ठोस कार्यवाही की मांग

रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि नगर पंचायत क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। एक स्थानीय स्कूल में कार्यरत शिक्षक व दो सभासदों विक्की आनंद सजवाण और हिमांशु भट्ट की आपसी झड़प ने तब खतरनाक मोड़ ले लिया, जब शिक्षक ने धारदार हथियार से सभासदों पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों सभासद गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत सीएचसी अगस्त्यमुनि लाया गया, जहां से उन्हें रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया, लेकिन वहां भी उनका ईलाज नहीं हो पाया तो उन्हें श्रीनगर के लिए रेफर किया गया। मगर सिरोबगड़ में रोड बन्द होने के बाद सभासदों के परिजनों ने रुद्रप्रयाग स्थित बोहरा नर्सिंग होम में उन्हें भर्ती कराया। जहां डॉ आनन्द बोहरा ने तत्काल उनका ऑपरेशन कर दिया। उनकी हालत अभी नाजुक है, लेकिन हालात नियन्त्रण में हैं। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र गोस्वामी ने इसे गम्भीर मामला बताते हुए थाना अगस्त्यमुनि में तहरीर देते हुए शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।

पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने लिखा है कि बीते एक सितंबर की रात को 10 बजे सभासद विक्की आनंद सजवाण और हिमांशु भट्ट अगस्त्यमुनि में एक होटल में खाना खा रहे थे। इसी दौरान, स्थानीय स्कूल में कार्यरत दो शिक्षक शराब के नशे में वहां पहुंचे। कुछ ही देर में उनका होटल मालिक के साथ झगड़़ा होने लगा। झगड़ा बढ़ता देख दोनों सभासद बीच बचाव करने के लिए आए। शिक्षक सभासदों से भी झगड़ा करने लगा। अचानक से शिक्षक विनोद कुमार ने दोनों सभासदों को चाकू से वार कर दिया। दोनों सभासदों को खून से लतपत हालत में अस्पताल लाया गया। अधिक खून बहने तथा गुप्तांग की चोट को देखसते हुए अस्पताल द्वारा आगे रेफर किया गया। दोनों सभासदों को रुद्रप्रयाग के बोहरा अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां डॉ आनन्द बोहरा द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। नपं अध्यक्ष ने यथाशीघ्र कार्यवाही करते हुए दोनों शिक्षकों की गिरफ्तारी की मांग की है।
थानाध्यक्ष महेश रावत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने लाया गया। जहां उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें सीएचसी अगस्त्यमुनि लाया गया। जहां से उन्हें आगे रेफर किया गया है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से आज एक तहरीर दी गई है। एफआरआई दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। क्योंकि सभासद सामुदायिक कार्यों में सक्रिय और सम्मानित व्यक्ति माने जाते हैं। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कुंवर सजवाण ने कहा कि एक सभासद उनका परिजन है, जबकि दूसरा पार्टी का पदाधिकारी है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाया है। कहा कि पुलिस जांच में हील हवाली कर आरोपी को बचा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर यथाशीघ्र आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। ऐसा न होने पर सड़को पर आन्दोलन होगा। व्यापार संघ भी इस तरह की घटना से हतप्रद है। व्यापार संघ अध्यक्ष त्रिभुवन नेगी ने कहा कि इस सम्बन्ध में निष्पक्ष जांच होनी आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि जांच का कार्य यथाशीघ्र सम्पन्न करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर सजा दिलवाई जाय। अन्यथा व्यापार मण्डल आन्दोलन के लिए बाध्य होगा।

वहीं घटना के समय आरोपी शिक्षक विनोद कुमार के साथ मौजूद शिक्षक सौरभ भट्ट से जब इस सम्बन्ध में बात की गई तो उन्होंने बताया कि विनोद कुमार एवं होटल मालिक का झगड़ा हो रहा था। तभी अन्दर कमरे में बैठे दोनों सभासद भी बाहर आकर विनोद कुमार से झगड़ने लगे। उनके बीच झगड़ा बढ़ता देख उन्होंने थाना प्रभारी महेश रावत को फोन किया। उन्होंने कहा कि वे बाहर हैं तथा थाने से किसी को भिजवाते हैं, मगर थाने से जवानों को आने में देर होते देख वे थाने की ओर चले गये। जैसे ही वे थाने के बाहर पहुंचे थाने से दो सिपाही आते दिखे। वे उनके साथ ही जब तक घटनास्थल पर पहुंचे तब तक घटना घट चुकी थी। उन्हें नहीं मालूम कि उसके बाद वहां पर क्या हुआ।
इस घटना ने अगस्त्यमुनि नगर क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि एक शिक्षक, जिसे समाज का मार्गदर्शक माना जाता है, ऐसी हिंसक हरकत कर सकता है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

वहीं पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष की तहरीर के आधार पर अगस्त्यमुनि के एक होटल में दो सभासदों पर धार-धार हथियार चाकू से वार करने तथा घटना कारित करने पर थाना अगस्त्यमुनि में मु.अ.सं. 36/2025 धारा 115, 118(1), 351(2), 352 भारतीय न्याय संहिता का अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियोग में विवेचना प्रचलित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!