केदारघाटी में पहलगाम में हुई आतंकी घटना के विरोध हुआ प्रदर्शन, पाकिस्तान का पुतला दहन कर आतंकवादियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग,

पहलगाम में हुई आतंकी घटना के विरोध हुआ प्रदर्शन
गुप्तकाशी। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना के विरोध में केदारघाटी के लोगों ने पाकिस्तान का पुतला जलाकर जमकर विरोध किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पहलगाम की घटना को अंजाम देने वाले आतंकवादियों को चुन-चुनकर मारने की मांग की। इसके अलावा केदारघाटी के लोगों ने उत्तराखंण्ड की चारधाम यात्रा में भी बाहरी समुदाय के लोगों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाहरी समुदाय के लोगों से उत्तराखंण्ड के चारो धामों को भी खतरा पैदा हो गया है।
बृहस्पतिवार को केदारघाटी के गुप्तकाशी में पहलगाम में हुई घटना के विरोध में गौ रक्षा विभाग, भैरव सेना, बजरंग सेना संगठन रुद्रप्रयाग के अलावा केदारघाटी के स्थानीय लोगों और अन्य सामाजिक संगठनों ने जमकर विरोध किया और पाकिस्तान का पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आतंकवादियों ने इतने बड़े जघन्य अपराध को अंजाम दिया है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने धर्म पूछकर निर्दोश लोगों को गोलियां मारी है। यह एक कायराना हरकत है और किसी भी हाल में ऐसे कायर लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिये। शीघ्र ही घटना को अंजाम देने वाले आतंकवादियों और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कठोर कार्यवाही होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जो बाहरी समुदाय के लोग उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा में कारोबार या अन्य कार्य करने आ रहे हैं, उन पर भी पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगना चाहिये। उन्होंने कहा कि केदारघाटी में गैर हिन्दुओं की तादात बढ़ रही है। केदारनाथ धाम की यात्रा में रोजगार को लेकर गैर हिन्दुओं की बढ़ती संख्या भविष्य के लिए बहुत बड़ा खतरा है। कहा कि कश्मीर के जिस स्थान पर यह घटना हुई है, उसे मिनी स्विट्ज़रलैंड के नाम से भी जाना जाता है। रुद्रप्रयाग जिले के चोपता को मिनी स्वीटजरलैंड कहा जाता है। आतंकी टूरिस्ट पैलेस की जगहों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में हमारे धार्मिक स्थलों के साथ ही पर्यटक स्थलों को भी बचाये जाने की जरूरत है।

उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पहलगाम की घटना को अंजाम देने वाले आतंकी सरगना का खात्मा करने के साथ ही केदारनाथ यात्रा में गैर हिन्दुओं पर रोक लगाई जाए। इस दौरान भैरव सेना जिला अध्यक्ष अशोक सेमवाल, जिला अध्यक्ष गौ रक्षा विभाग रोहित डिमरी, जिला प्रभारी भैरव सेना प्रदीप नगवाल, दीपक नौटियाल, अनूप गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं स्थानीय मौजूद रहे।



