आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर तहसील प्रशासन ने लिए व्यवसायियों के सुझाव

गुप्तकाशी। आगामी केदारनाथ धाम की यात्रा को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए गुप्तकाशी में व्यापार संघ, जीप टैक्सी यूनियन और स्थानीय लोगों की बैठक आहूत की गई, जिसमें स्थानीय लोगों द्वारा अपनी समस्याएं रखी गई।
घोड़ा खच्चर ट्रेड यूनियन के संरक्षक अवतार सिंह नेगी ने कहा कि आगामी केदारनाथ धाम की यात्रा को सुगम बनाने के लिए यात्राकाल के दौरान गौरीकुंड से केदारनाथ के बीच जो भी निर्माण कार्य होते हैं, उसका रो मटेरियल ना ले जाने की अनुमति की जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कार्य कर रही घोड़े खच्चरों के इंश्योरेंस कंपनी विभिन्न प्रकार से घोड़ा संचालकों से वसूली कर रही है और वक्त आने पर उनका इंश्योरेंस का पैसा भी नहीं दिया जा रहा है, इसीलिए उक्त कार्य के लिए शीघ् इंश्योरेंस का कार्य दूसरी कंपनी को दिया जाए। निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य गणेश तिवारी ने कहा कि घोड़े खच्चरों की नाल महंगी पड़ती है, इसके स्थान पर रबड़ की नाल उपयोग में लाई जाए ताकि घोड़े खच्चर बरसात के दौरान फिसलन से बच सके।
व्यापार संघ के अध्यक्ष चुन्नी लाल ने कहा कि गुप्तकाशी, फाटा आदि स्थानों पर बैरियर लगाकर समय के अनुसार तीर्थ यात्रियों को रोका जाए, ताकि वे सोनप्रयाग, सीतापुर में जाम की समस्या से मुक्ति पा सकें। सचिव मनीष नेगी ने कहा कि यात्राकाल के दौरान गुप्तकाशी बाजार में अनियंत्रित वाहन लगे होते हैं, जिस कारण यात्रियों के वाहन यहां नहीं रुक पाते, ऐसी स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त वाहनों को पार्किंग में व्यवस्थित रोक दिया जाय। साथ रात्रि में यात्रा पर रोक लगाई जाय। व्यवसाई अरविंद सिंह ने कहा कि विभिन्न स्थानों पर तीर्थ यात्रियों के लिए ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि तीर्थ यात्रियों को पंजीकरण हेतु लंबा वक्त ना लगे। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए जनपद रुद्रप्रयाग के घोड़ा खच्चर संचालकों को ही प्राथमिकता दी जाए, इसके साथ ही बाहर से आने वाले घोड़े खच्चरों को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया जाए । इससे ना केवल स्थानीय लोगों की आर्थिकी ही सुदृढ़ होगी, बल्कि अनावश्यक रूप से घोड़ों का जाम भी नहीं रहेगा। बैठक में प्रशासनिक रूप से प्रतिभाग कर रहे तहसीलदार प्रदीप सिंह नेगी ने व्यापारियों तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि सभी लोगों की समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखी जाएगी, आगामी कुछ दिनों में इन समस्याओं के निराकरण के लिए कार्य किया जाएगा। इस दौरान त्रिभुवन सिंह चौहान, जीत सिंह नेगी, संजय सिंह, हर्ष सिंह चौहान समेत कई लोग मौजूद रहे।



