नगर पंचायत ऊखीमठ में निर्दलीय धर्म्वाण ने भाजपा – कांग्रेस को दिखाया आईना, पार्टी से टिकट न मिलने पर हुई थी बागी, बधाई देने वालों का लगा तांता

लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठ। नगर पंचायत ऊखीमठ अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी कुब्जा धर्म्वाण ने जीत हासिल की है। उन्होने निर्दलीय प्रत्याशी कल्पेश्वरी देवी को 91 मतो से हराया जबकि भाजपा अधिकृत प्रत्याशी बबीता भट्ट तीसरे व कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी रीता पुष्वाण चौथे स्थान पर रही।
गांधीनगर सभासद पद पर पूजा देवी ,उदयपुर वार्ड पर सरला देवी व ओकारेश्वर वार्ड पर प्रदीप धर्म्वाण ने जीत हासिल की है जबकि भटेश्वर वार्ड पर बलवीर सिंह पंवार पहले ही निर्विरोध चुने गये थे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल मन्दिर मे पूजा – अर्चना कर मनौती मांगी तथा उनके सैकड़ो समर्थको ने मुख्य बाजार से लेकर ओकारेश्वर, डगवाडी, ब्राह्मणखोली, मंगोली व मंगोलचारी तक भ्रमण कर जनता का धन्यवाद ज्ञापित किया।
नगर पंचायत नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण का जीवन हमेशा संघर्षो भरा रहा है। जीवन के लम्बे संघर्षो, राजनीति अनुभव व मृदुल व्यवहार के कारण उन्हें नगर पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर सुशोभित होने का सुनहरा अवसर मिला है। कांग्रेस पार्टी के लिए जीवन भर अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाली कुब्जा धर्म्वाण के लिए कांग्रेस प्रदेश संगठन ने उनकी अनदेखी की, मगर नगर पंचायत के चारों वार्डो से उन्हें क्षमता से अधिक मत मिलने से स्पष्ट हो गया है कि उन्होंने आजीवन समाज के लिए सजह प्रहरी की तरह जनमानस की सेवा की है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण के नगर पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के लिए चुन्नी मंगोली की एकता व हर कार्यकर्ता की कड़ी मेहनत की बदौलत उन्हें जीत हासिल हुई है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने मुख्य बाजार सहित विभिन्न स्थानो का भ्रमण कर जनमानस का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आमजनता के प्यार, प्रेम व सौहार्द की बदौलत मुझे अध्यक्ष पद पर आसीन होने का सौभाग्य मिला है तथा ऊखीमठ नगर क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए जनता के अनुरूप कार्य योजना तैयार की जायेगी। इस मौके पर पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष आनन्द सिंह रावत, गुरिल्ला संगठन जिलाध्यक्ष बसन्ती रावत, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, रणजीत रावत ,पूर्व प्रधान राय सिंह धर्म्वाण ,प्रमोद नेगी , बलवन्त रावत सहित सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद थे।



