उत्तराखंडगांवधार्मिक

मदमहेश्वर घाटी के रासी गाँव में आयोजित दो दिवसीय भगवती नन्दा के पौराणिक जागरो का हुआ समापन

लक्ष्मण सिंह नेगी।

ऊखीमठ। मदमहेश्वर घाटी के ग्रामीणों की अराध्य देवी भगवती राकेश्वरी की तपस्थली रासी गाँव में 22 वर्षों बाद आयोजित दो दिवसीय भगवती नन्दा के पौराणिक जागरो का समापन भावुक क्षणों , भगवती नन्दा मूर्ति विसर्जित व सामूहिक भोज के साथ हो गया है ।

भगवती नन्दा के पौराणिक जागरों के माध्यम से भगवती नन्दा की महिमा का विस्तृत गुणगान किया गया तथा मदमहेश्वर घाटी के दर्जनों गांवों के असंख्य भक्तों सहित केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने पौराणिक जागरो में शामिल होकर पुण्य अर्जित किया तथा दो दिनों तक मदमहेश्वर घाटी का कण – कण व पग – पग भक्तिमय बना रहा। आने वाले कुछ वर्षों में युगों पूर्व से चली परम्परानुसार भगवती राकेश्वरी के सीमावर्ती गांवों का सीमा बन्धन किया जायेगा तथा भगवती राकेश्वरी की दिवारा यात्रा का श्रीगणेश किया जायेगा।

मंगलवार को विद्वान आचार्य रोशन देवशाली व विपिन सेमवाल ने पंचाग पूजन के तहत अनेक पूजाये समपन्न कर भगवती राकेश्वरी, भगवती नन्दा, भगवान मदमहेश्वर सहित तैतीस कोटि देवी – देवताओं का आवाहन किया तथा रात्रि 8 बजे से पूर्ण सिंह पंवार व शिवराज सिंह पंवार के नेतृत्व में पौराणिक जागरो का शुभारंभ किया गया। रात्रि भर पौराणिक जागरो के माध्यम से भगवती नन्दा के जन्म से लेकर हिमालय भ्रमण की महिमा का गुणगान किया गया। बुधवार को सुबह आठ बजे से महिलाओं के कीर्तन भजनों से भगवती नन्दा की महिमा का गुणगान किया गया तथा दोपहर को भगवती नन्दा ने सामूहिक भोज का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया तथा भगवती नन्दा की मूर्ति को जगत कल्याण के लिए प्राकृतिक जल स्रोत पर विसर्जित किया गया। भगवती नन्दा की मूर्ति विदा होने पर महिलाओं की आंखे छलक उठी तथा महिलायें दूर – दूर तक भगवती नन्दा को भावुक क्षणो से विदा करती रही।

पौराणिक जागरो में प्रतिभाग करनी पहुंची केदारनाथ विधानसभा की नवनिर्वाचित विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान मिलन के त्यौहार होते हैं तथा धार्मिक अनुष्ठानों के आयोजन से ग्रामीणों में भाईचारा व आपसी सौहार्द बना रहता है। राकेश्वरी मन्दिर समिति अध्यक्ष जगत सिंह पंवार ने बताया कि पौराणिक जागरो में पांच हजार से अध्यक्ष श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पुण्य अर्जित किया। इस मौके पर राज्य महिला आयोग सदस्य दर्शनी पंवार, निवर्तमान प्रधान कुन्ती नेगी, बिक्रम सिंह नेगी, दलवीर नेगी, भगवती प्रसाद भटट्, नरेन्द्र भटट्, मन्दिर समिति उपाध्यक्ष मदन भटट्, शिव सिंह रावत, कुवर सिंह रावत, जीतपाल सिंह पंवार, प्रकाश पंवार, बिक्रम सिंह रावत, राकेश नेगी, अवतार सिंह राणा, मानवेन्द्र भटट्, ईश्वरी प्रसाद भटट्, रविन्द्र भटट्, लवीश राणा, दलीप रावत, सूरज भटट्, बलवीर भटट्, रणजीत रावत सहित विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि व आठ जुला गांवों के हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!