उत्तराखंड
स्वास्थ्य विभाग ने ठंड से अस्वस्थ होने के मामले बढ़ने पर की हेल्थ एडवायजरी जारी
विभाग ने ठंड से बचाव के लिए जरूरी ऐहतियात बरतने की दी सलाह।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 एचसीएस मर्तोलिया ने बताया कि श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर स्थापित चिकित्सा राहत केंद्रों में श्रद्धालुओं के ठंड से अस्वस्थ होने के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई यात्री पतले कपड़े पहनकर यात्रा कर रहे हैं। बताया कि श्री केदार घाटी क्षेत्र में कभी भी मौसम के बदलने से बारिश हो जाती है। नतीजतन बरिश में भीगने व ठंड से बचाव के दृष्टिगत पतले कपड़े पहने श्रद्धालुओं के हाइपोथर्मियां की चपेट में आने की आशंका बढ जाती है।
उन्होंने श्री केदारनाथ धाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं से पर्याप्त मात्रा में गर्म व ऊनी कपड़े पहनने, रेन कोट या छाता अनिवार्य रूप से साथ ले जाने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 एच0सी0एस0 मर्तोलिया ने बताया कि विभाग द्वारा सड़क मार्ग पर स्थापित जनपद की समस्त चिकित्सा इकाईयों में तैनात कार्मिकों को श्री केदारबाबा के दर्शनों को जाने वाले श्रद्धालुओं को गर्म व ऊनी कपड़े पहनने व साथ रखने की अपील करने हेतु निर्देशित किया है। साथ ही यात्रा मार्ग पर कार्यरत अन्य सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारियों से इस बाबत यात्रियों को जरूरी ऐहतियाती कदम उठाने की सलाह देने की अपील की है।