
कुलदीप रावत ने की सीएम धामी से मुलाकात,
केदारनाथ विधानसभा की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन,
सत्रह सूत्रीय समस्याओं को लेकर दिया ज्ञापन।
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधानसभा की सत्रह सूत्रीय समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले कुलदीप रावत।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की मुख्य समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उन्हें अतिशीघ्र सभी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
मंगलवार को भाजपा नेता कुलदीप सिंह रावत ने मुख्यमंत्री से मुलाकात करते हुए उन्हें ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने कहा कि बीते 31 जुलाई की रात्रि को केदारनाथ धाम के विभिन्न पड़ावों में आई दैवीय आपदा में मृतक परिवारजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। केदारनाथ धाम यात्रा से जुड़े सभी हितधारकों (ढाबा-कैंटीन, होटल, घोड़ा-खच्चर संचालक, टैंट-कैप संचालक, डंडी-कंडी संचालक, टैक्सी यूनियन) समेत सभी आपदा प्रभावितों को आर्थिक मदद की जाए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत कर आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध की जाए। राजकीय महाविद्यालय विद्यापीठ (गुप्तकाशी) में स्नातक स्तर पर विज्ञान संकाय एवं परा-स्नातक कक्षाएं शुरू की जाए।
तुंगनाथ घाटी के भूस्खलन प्रभावित गांव उसाड़ा में 61 परिवारों को विस्थापित कर उचित पुनर्वास किया जाए। क्यूंजा घाटी के किणजाणी में भूस्खलन प्रभावित परिवारों का विस्थापन एवं क्षतिग्रस्त भू-भाग का उचित ट्रीटमेंट किया जाए। गौंडार के बणतोली में मद्द्महेश्वर धाम को जोड़ने वाले पैदल पुल के यथाशीघ्र निर्माण को लेकर वित्तीय स्वीकृति दी जाए। चुन्नी बैंड-विद्यापीठ मोटरमार्ग का यथाशीघ्र डामरीकरण किया जाए। गंगानगर-पठालीधार मोटरमार्ग का विस्तारीकरण एवं गिंवाडीगांव-नागजगई वाया फेगु-बरम्वाड़ी मोटरमार्ग का सुधारीकरण किया जाए। चंद्रनगर स्वास्थ्य केंद्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। तल्लानागपुर के चोपता में पॉलीटेक्निक भवन निर्माण एवं पठन-पाठन को लेकर प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाए। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के सभी जूनियर हाई स्कूल एवं इंटर कॉलेजों में अध्यापकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की प्रकिया शुरू की जाए। दशज्यूला क्षेत्र की चोपड़ा-गड़ीधार-उड़ामांडा मोटरमार्ग एवं कोटखाल-जगतोली मोटरमार्ग का संयोजन किया जाए। सोनप्रयाग गौरीकुण्ड राष्ट्रीय राजमार्ग को शीघ्र दुरूस्त कर यातायात शुरू किया जाए। मैखण्डा-पांगरी मोटर मार्ग के निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाए। नागताल बुग्याल को पर्यटन क्षेत्र घोषित किया जाए एवं रविगांव से भैरव मंदिर तक लगभग दो किलोमीटर मोटर मार्ग की स्वीकृति प्रदान की जाए। विगत कई वर्षों से राजकीय इंटर कॉलेजों में गेस्ट टीचर के रूप में कार्य कर रहे संविदा शिक्षकों के नियमितीकरण करने की प्रकिया प्रारम्भ की जाए। भाजपा नेता कुलदीप रावत ने केदारनाथ विधानसभा में फैली समस्याओं को देखेते हुए जल्द निराकरण की मांग की, जिस पर सीएम धामी ने उन्हें त्वरित कार्यवाही का भरोसा दिलाया।



