जान हथेली पर रख सोनप्रयाग – त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग पर सफर करने को मजबूर ग्रामीण व तीर्थयात्री

जान हथेली पर रख सोनप्रयाग – त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग पर सफर करने को मजबूर ग्रामीण व तीर्थयात्री
फाटा। जनपद के सीमांत गांव एवं शिव पार्वती विवाह स्थल के रूप में प्रसिद्ध त्रियुगीनारायण सोनप्रयाग मोटर मार्ग के हालात बेहाल बने हुए हैं। जिस पर सफर करना खतरों भरा बना हुआ है।
शिवा पार्वती विवाह स्थल के नाम से प्रसिद्ध एवं आज नव युगलों की शादी के बंधन में बधंने हेतु सबसे प्रमुख स्थल बन कर उभर रहे भगवान त्रियुगीनारायण के मन्दिर को पहुंचने हेतु सोनप्रयाग त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग के हालात खस्ताहालत बने हुए हैं। ग्रामीण जान हथेली पर रख कर सफर करने को मजबूर हैं, साथ ही केदारनाथ पैदल यात्रा बंद होने के बावजूद क्षेत्र में पहुंचे श्रद्धालु मोटर मार्ग खस्ताहाल होने से त्रियुगीनारायण मन्दिर भी दर्शनों हेतु नही पहुंच पा रहे हैं।
बता दें कि विगत दिनों हुई भारी बरसात से सोनप्रयाग त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग झोशी कमेंडा के समीप स्लाडिंग जोन बना हुआ है जिस पर सफर करना खतरों भरा है। वहीं मोटर मार्ग कई स्थानों पर भू धंसाव की जद में आ चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि जल्द ही वामन द्वादशी का मेला भी होगा उन्होंने कहा कि इस दौरान बड़ी तादात में श्रद्धालु मन्दिर पहुंचते हैं लेकिन विभाग की अनदेखी को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।
ग्रामीण राजेश भट्ट ने बताया कि सोनप्रयाग त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग के बाबत उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया लेकिन सभी इसे अनसुना कर रहे हैं जबकि ग्रामीण ओर तीर्थ यात्री जान हथेली पर रख मोटर मार्ग पर सफर करने को मजबूर हैं। वहीं तीर्थ पुरोहित समिति अध्यक्ष सच्चिदानंद पंचपुरी व सचिव सर्वेशानंद भट्ट ने बताया कि श्रद्धालुओं के मन्दिर न पहुंचने से ग्रामीणों के सम्मुख रोजगार का संकट भी पैदा होने लगा है। साथ ही उन्होंने बताया कि जल्द ही वामन द्वादशी मेला भी लगेगा इस दौरान बड़ी तादात में श्रद्धालु पहुंचते हैं। लेकिन विभाग इस ओर कोई भी ध्यान नही दे रहा है।
व्यापार संघ अध्यक्ष त्रियुगी नारायण महेंद्र सेमवाल ने बताया कि सड़क के हालात खस्ताहाल होने से गांव में रोजमार्रा के सामान की गाड़ियां नही पहुंच पा रही हैं, लोनिवि विभाग को कई बार सूचित करने के बावजूद भी कोई कार्य नहीं हो रहा।
ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से सोनप्रयाग त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग पर अतिशीघ्र सुधारीकरण कार्य शुरू करने की मांग की है।



