उत्तराखंडखास खबरेंगांवराजनीति

पंचायतों का कार्यकाल दो वर्ष बढा़ने की मांग को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने ब्लॉक मुख्यालय में की तालाबंदी, 3 अगस्त को देहरादून कूंच की चेतावनी

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। एक राज्य एक चुनाव व पंचायतों का कार्यकाल दो वर्ष बढा़ने की मांग को लेकर पंचायतों प्रतिनिधियों ने ब्लॉक मुख्यालय में तालाबंदी कर अपने गुस्से का इजहार किया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने खण्ड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश शाह के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर 2 अगस्त तक उनकी एक सूत्रीय मांग पर अमल न होने पर 3 अगस्त को देहरादून कूंच की चेतावनी दी। पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा ब्लॉक मुख्यालय पर तालाबंदी किये जाने से मंगलवार को पूरे दिन ब्लॉक मुख्यालय के कार्यालयों का कामकाज खासा प्रभावित रहा। मंगलवार को पूर्व निधारित कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों के पंचायत प्रतिनिधि ठीक दस बजे ब्लॉक मुख्यालय में एकत्रित हुए तथा अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर ब्लॉक मुख्यालय में तालाबंदी कर अपने गुस्से का इजहार किया। पंचायत प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए क्षेत्र पंचायत प्रमुख श्वेता पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर पूर्व राष्ट्रपति के नेतृत्व में बनी कमेटी द्वारा एक देश एक चुनाव की रिपोर्ट सौपी जा चुकी है तथा कमेटी की रिपोर्ट पर केन्द्र सरकार द्वारा शीघ्र निर्णय लिया जाने वाला है। प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष रावत ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के कारण पंचायतों का विकास खासा प्रभावित रहा है यदि प्रदेश सरकार एक प्रदेश एक चुनाव का शासनादेश जारी करती है तो पंचायतों का चहुंमुखी हो सकता है। प्रधान संगठन ब्लॉक संरक्षक सन्दीप पुष्वाण ने कहा कि 2001 पंचायतों का कार्यकाल एक वर्ष तीन माह व 18 दिन के लिए बढ़ाया गया था उसी तर्ज पर संगठन द्वारा पंचायतों का कार्यकाल दो वर्ष बढा़ने की मांग की जा रही है। संगठन सचिव विजयपाल नेगी ने कहा कि यदि पंचायतों का कार्यकाल दो वर्ष बढा़या जाता है तो भविष्य में हरिद्वार जनपद के साथ सभी 12 जनपदों के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव एक साथ हो सकतें है। संगठन कोषाध्यक्ष हर्षवर्धन सेमवाल ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार एक राज्य एक चुनाव पर अमल करती है तो लाखों रुपए राजस्व की बचत होने के साथ प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हो सकता है। मीडिया प्रभारी योगेन्द्र नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार को एक राज्य एक चुनाव पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य उषा भटट्, बलवीर रावत, प्रधान प्रेमलता पन्त, आशा सती, पूनम देवी, दिव्या देवी, कमलेश्वरी देवी, पिंकी देवी, पुष्पा देवी, सुनीता देवी, कल्पेश्वरी देवी, कुवर सिंह बजवाल, प्रताप सिंह राणा, अरविन्द रावत, राकेश सिंह, राजेश्वरी देवी, सरोज भटट्, शान्ता रावत, कमलेन्द्र सिंह नेगी, महावीर पंवार, सुनीता देवी, कुन्ती देवी सहित विभिन्न क्षेत्रों के पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!