भगवान श्रीराम की मूर्ति प्राण – प्रतिष्ठा के पावन पर्व पर केदार घाटी के विभिन्न तीर्थ स्थलों में आयोजित हुए धार्मिक कार्यक्रम, पंचकेदार सेवा सांस्कृतिक मंच ने निकाली फाटा से गौरीकुंड तक उत्सव शोभा यात्रा

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ/फाटा। अध्योध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र की मूर्ति प्राण – प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर केदार घाटी के विभिन्न तीर्थ स्थलों में अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये गए। विश्वनाथ की तपस्थली गुप्तकाशी में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया जबकि भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मंदिर में आयोजित अखण्ड रामायण में सैकड़ों भक्तों ने शामिल होकर क्षेत्र के खुशहाली व विश्व समृद्धि की कामना की।
केदार घाटी का पग – पग भक्तिमय बना हुआ है तथा हर क्षेत्र व गांवों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। तल्ला नागपुर के नारी गाँव में चण्डिका मन्दिर से सतेराखाल मुख्य बाजार तक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जैक्सवीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में राम लीला मंचन में अभिनय करने वाले लगभग 150 कलाकारों को सम्मानित किया गया तथा व्यापार संघ द्वारा मुख्य बाजार में भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। वहीं फाटा में पंच केदार सेवा सांस्कृतिक मंच के तत्वाधान में फाटा से गौरीकुंड तक श्री राम शोभा यात्रा निकाली गई। जानकारी देते हुए बद्री केदार मन्दिर समिति कार्यधिकारी आर सी तिवारी ने बताया कि भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर में आयोजित अखण्ड रामायण में सैकड़ों भक्तों ने शामिल होकर पुण्य अर्जित किया तथा इस अवसर पर विशाल भण्डारे का आयोजन भी किया गया। प्रधान रासी कुन्ती नेगी ने बताया कि भगवान श्रीरामचंद्र की मूर्ति प्राण – प्रतिष्ठा के अवसर पर रामचरितमानस का पाठ किया गया। कालीमठ मन्दिर प्रबन्धक प्रकाश पुरोहित ने बताया कि सिद्धपीठ कालीमठ में भी कीर्तन – भजन, महाभिषेक सहित अनेक प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किये गए। तुंगनाथ मन्दिर समिति प्रबन्धक बलवीर नेगी ने बताया कि भगवान तुंगनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ में सुन्दरकाण्ड सहित कीर्तन – भजन के आयोजन से तुंगनाथ घाटी का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
वहीं त्रियुगीनारायण मंदिर तीर्थपुरोहित समिति सचिव सर्वेशा नंद भट्ट ने बताया कि मंदिर में सुंदर काण्ड का पाठ किया तथा महिलाओं द्वारा कीर्तन भजन किया गया।
मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर डा0 जैक्सवीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के राम लीला मंचन में अभिनय करने वाले 150 कलाकारों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए सीमान्त क्षेत्र अनुश्रवण परिषद उपाध्यक्ष चण्डी प्रसाद भटट् ने कहा कि आज पूरे देश में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का पावन पर्व हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान मिलने से उभरते हुए कलाकारों में और अधिक लगन व मनोबल बढ़ता है।
वही दूसरी ओर तल्ला नागपुर के विभिन्न तीर्थ स्थलों, गांवों में भी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चण्डिका मन्दिर नारी से सतेराखाल बाजार तक शोभा यात्रा निकाली गयी जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रतिभाग किया। क्षेपस घिमतोली अर्जुन नेगी ने बताया कि इस पावन अवसर पर ग्वास गाँव में अखण्ड रामायण का आयोजन किया गया जबकि घिमतोली में धार्मिक नाटकों के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र की महिमा का गुणगान किया गया।
पंच केदार सेवा सांस्कृतिक मंच ने निकाली उत्सव शोभा यात्रा
फाटा। अध्योध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र की मूर्ति प्राण – प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर केदार घाटी के विभिन्न तीर्थ स्थलों में अनेक धार्मिक कार्यक्रम
श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या मे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर पंच केदार सांस्कृतिक मंच के तत्वाधान में फाटा से गौरीकुंड तक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। जिसमें व्यपारियों, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, नौनिहालों व सैकड़ों राम भक्तों ने प्रतिभाग किया। शोभा यात्रा के आयोजन से केदारघाटी का वातावरण भक्तिमय बना रहा तथा शोभा यात्रा में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र की झाकी मुख्य आकर्षण का केन्द्र रही। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों के राम भक्त फाटा छात्रावास में एकत्रित हुए तथा ठीक 11:30 बजे शोभा यात्रा फाटा बाजार के लिए रवाना हुई तथा मुख्य बाजार पहुंचने पर स्थानीय व्यापारियों व हजारों राम भक्तों ने पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया। शोभा यात्रा के मुख्य बाजार में पहुंचने पर सम्पूर्ण क्षेत्र श्रीराम के जयकारों से गुजायमान हो उठा तथा सैकड़ों राम भक्त मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र की भक्ति में लीन होकर नृत्य करने लगे। शोभा यात्रा फाटा में घूम कर सोनप्रयाग गौरीकुंड की ओर रवाना हो गई, केदारघाटी के प्रत्येक पड़ावों बड़ासू, शेरसी , रामपुर, सीतापुर सोनप्रयाग एवं गौरीकुंड में शोभा यात्रा का भक्तों ने पुष्प वर्षा से स्वागत किया। पंच केदार सेवा सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष धर्मेश नौटियाल ने बताया कि यह हम सभी के लिए एक उत्सव का दिन है, आज हमारे आराध्य भगवान श्री राम चंद्र की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का पावन पर्व उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज केदारघाटी में फाटा से गौरीकुंड तक उत्सव शोभा यात्रा निकाली गई। अन्त में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामचंद्र की आरती उतारने के बाद सभी राम भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस अवसर पर जितेंद्र सेमवाल, सतीश भट्ट, अशोक सेमवाल, प्रमोद नौटियाल, दिनेश रावत ,दिनेश गन्दनवां, मुकेश रावत अतुल जमलोकी, श्रीकृष्ण सेमवाल सहित सैकड़ों राम भक्त मौजूद रहे।



