उत्तराखंडखास खबरेंफटाफट ख़बरें

73 वर्षीय बुजुर्ग ने मंदाकिनी में लगाई छलांग दी जान, लंबी बीमारी से थे परेशान

रुद्रप्रयाग। जखोली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पाली में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे 73 वर्षीय कीर्ति सिंह ने मंदाकिनी नदी में छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे कीर्ति सिंह अपने गांव पाली से लगभग चार किलोमीटर पैदल चलकर रामपुर झूला पुल पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर पुल पर खड़े रहने के बाद उन्होंने अचानक मंदाकिनी नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और शोर मचाकर सहायता भी जुटाई, लेकिन नदी का तेज बहाव उन्हें अपने साथ बहा ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से नदी में व्यापक खोजबीन अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पुल से कुछ दूरी पर बुजुर्ग का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कीर्ति सिंह शांत और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे तथा लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!