
देहरादून। उत्तर भारत में मंगलवार देर रात आए भूकंप के झटकों के बाद बुधवार की सुबह भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसी के साथ 6.3 की तीव्रता से भूकंप के झटकों से उत्तराखंड की धरती भी कांप गई। हालांकि अभी तक कहीं से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं आई है, लेकिन बार-बार आ रहे झटकों से लोगों में दहशत है।
देहरादून समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में रात 1.57 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसके अलावा रुद्रप्रयाग जिले में भी भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। जानकारी के अनुसार, ऊखीमठ, जखोली, अगस्त्यमुनि विकास खंड में 1 बजकर 57 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। ये झटका उस समय आया जब लोग गहरी नींद में थे। शहर के कई स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए। वहीं, घरों की खिड़कियों को भी हिलता हुआ महसूस किया गया।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, 9 नवंबर की देर रात करीब 1: 57 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। देर रात 6.3 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप की गहराई जमीन से 10 किमी नीचे थी। भूवैज्ञानिकों का भी मानना है कि बार-बार आ रहे झटके बड़े खतरे का संकेत हो सकते हैं।
नेशनल सेंटर ऑफ सिस्मोलाजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र नेपाल में था।



