डीएम ने किया कालीमठ मार्ग का निरीक्षण, शेष पैचवर्क कार्य पूर्ण करने के निर्देश, गुणवत्ता की जांच के लिए नोडल अधिकारी नामित

रूद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कालीमठ मार्ग का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कालीमठ मार्ग पर गड्ढामुक्त अभियान के अंतर्गत जो भी कार्य शेष रह गया है, उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में गड्ढामुक्त अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके लिए विभिन्न मार्गों के निरीक्षण एवं कार्यों की गुणवत्ता की जांच हेतु अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अप्रत्याशित रूप से हुई असमय वर्षा के कारण कुछ मार्गों पर गड्ढामुक्त अभियान का कार्य प्रभावित हुआ है। इसके दृष्टिगत संबंधित विभागों को शेष मार्गों पर पैचवर्क का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सड़कों को सुगम एवं सुरक्षित बनाया जा सके।



