उत्तराखंड

केदारनाथ धाम में 14.80 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, द्वितीय चरण की यात्रा धीरे धीरे पकड़ने लगी रफ्तार 

लक्ष्मण सिंह नेगी।

ऊखीमठ। हिमालय की गोद में विराजमान भगवान केदारनाथ धाम में इस वर्ष तीर्थ यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बाबा केदार के दर्शनों के लिए देश-विदेश से पहुंच रहे श्रद्धालुओं का आंकड़ा 14 लाख 80 हजार के पार पहुंच गया है। यात्रा का द्वितीय चरण धीरे-धीरे परवान चढ़ने से केदारनाथ धाम सहित यात्रा पड़ावों पर एक बार फिर रौनक लौटने लगी है।
मानसून की विदाई के बाद मौसम में सुधार आने के साथ ही केदारनाथ धाम की यात्रा ने भी गति पकड़नी शुरू कर दी है। सितंबर माह में यात्रा का द्वितीय चरण शुरू होने के बाद विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। गौरतलब है कि श्रावण मास के बाद यात्रा में कुछ समय के लिए अपेक्षाकृत कमी आई थी, लेकिन अब द्वितीय चरण में तीर्थ यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा होने लगा है।
केदारनाथ धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से गौरीकुंड से लेकर केदारनाथ धाम तक यात्रा मार्ग पर भी चहल-पहल बढ़ गई है। स्थानीय व्यापारियों, होटल-होम स्टे संचालकों, घोड़ा-खच्चर व्यवसायियों और अन्य यात्रा कारोबार से जुड़े लोगों को भी तीसरे चरण की यात्रा से बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है।
बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मौसम की विषम परिस्थितियों और पहाड़ी मार्ग की कठिनाइयों के बावजूद तीर्थ यात्री बड़ी संख्या में धाम पहुंच रहे हैं। यात्रा के अंतिम चरण में आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।
यात्रा से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो आगामी दिनों में केदारनाथ धाम में तीर्थ यात्रियों की संख्या और तेजी से बढ़ सकती है। वर्तमान यात्रा आंकड़ों और तीसरे चरण में बढ़ रही श्रद्धालुओं की आमद को देखते हुए कपाट बंद होने तक बाबा केदार के दरबार में पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों का आंकड़ा 19 लाख के पार पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।
तीर्थ यात्रियों की बढ़ती आमद के साथ प्रशासन के सामने यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने की चुनौती भी बनी हुई है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि यात्रा के अंतिम चरण में बाबा केदार के दर्शन करने पहुंचने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!