उत्तराखंडखास खबरें

रूद्रप्रयाग जिला अस्पताल के बाहर सड़क पर गहरे गड्ढे, मरीजों राहगीरों को हो रही परेशानी

रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल के बाहर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढे बारिश के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गए हैं। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क पर आवाजाही करना मुश्किल हो रहा है। सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है।

जिला अस्पताल के बाहर सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण बारिश का पानी इनमें जमा हो रहा है। पानी भरा होने से वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में वाहनों के गड्ढों से गुजरने पर सड़क किनारे पैदल चल रहे राहगीरों पर पानी और कीचड़ के छींटे पड़ रहे हैं। इससे मरीजों, तीमारदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, पानी से लबालब गड्ढे दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बने हुए हैं। गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देने के कारण अचानक वाहन के गड्ढे में जाने से संतुलन बिगड़ने और फिसलने की आशंका बनी हुई है। अस्पताल के बाहर होने के कारण इस मार्ग पर मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही लगातार रहती है, ऐसे में सड़क की स्थिति को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए नेशनल हाईवे विभाग को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण स्थान के बाहर सड़क पर बने गड्ढों का समय रहते संज्ञान लिया जाना जरूरी है। यदि विभाग ने जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई तो नगर पालिका की ओर से संबंधित विभाग के खिलाफ आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों के साथ ही वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नेशनल हाईवे विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर गड्ढों को भरने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति लगातार खराब हो रही है। यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई तो बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो सकती है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई कर सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!