उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

राजकीय इंटर कॉलेज रामपुर न्यालसू में करियर काउंसलिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जिला सूचना अधिकारी ने विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न अवसरों, शिक्षा के महत्व एवं भविष्य की चुनौतियों के प्रति किया जागरूक

रूद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जनपद में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में करियर काउंसलिंग, जागरूकता एवं विद्यालयों के निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज रामपुर न्यालसू में जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने विद्यालय का निरीक्षण किया तथा छात्र-छात्राओं को करियर काउंसलिंग के माध्यम से भविष्य निर्माण के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय भवन की स्थिति, शौचालय, पेयजल, फर्नीचर, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, रसोईघर, स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों एवं टीकाकरण तथा शिक्षकों की उपलब्धता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का आकलन करना तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करना रहा।

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व, करियर के विभिन्न विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा भविष्य में उपलब्ध शैक्षिक एवं व्यावसायिक अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं योग्यता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, भविष्य में आने वाली चुनौतियों का सामना सकारात्मक सोच एवं दृढ़ संकल्प के साथ करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में सेवायोजन विभाग के अनुदेशक किशन रावत सहित सूचना विभाग से नीतीश फरासी एवं अरुण भरतरी ने भी विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें करियर संबंधी जानकारी प्रदान की तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जनपद में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जगजीत सिंह रमोला, प्रवक्ता संजू प्रसाद ध्यानी, अरविंद शाह, योगम्बर सजवाण, जयप्रकाश जमलोकी, रोशन लाल शाह, धीरज चमोला, दीपराज भंडारी, रणजीत रावला, भावना भट्ट, सौरभ चौहान, जितेन्द्र कुमार, ललित मोहन देवशाली, निवेदिता भट्ट सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र छात्राएँ उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!