केदारनाथ धाम व द्वितीय केदार मदमहेश्वर तथा तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट बन्द होने की तिथि आगामी 24 अक्टूबर को होगी घोषित

केदारनाथ धाम व द्वितीय केदार मदमहेश्वर तथा तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट बन्द होने की तिथि आगामी 24 अक्टूबर को होगी घोषित
लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। पर्वतराज हिमालय की गोद में बसे भगवान केदारनाथ, द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर तथा तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट बन्द होने तथा चल विग्रह उत्सव डोलियों के धामों से शीतकालीन गद्दी स्थलों के लिए रवाना होने की तिथि आगामी 24 अक्टूबर को शीतकालीन गद्दी स्थलों में पंचाग गणना के अनुसार विद्वान आचार्यों व हक – हकूकधारियो की मौजूदगी में घोषित की जायेगी। जानकारी देते हुए मन्दिर समिति कार्यधिकारी आर सी तिवारी ने बताया कि द्वादश ज्योर्तिलिंगों में अग्रणी भगवान केदारनाथ के कपाट युगों से चली परम्परा के अनुसार प्रतिवर्ष भैय्या दूज पर्व पर शीतकाल के लिए बन्द होते हैं जो कि इस वर्ष आगामी 15 नवम्बर को है मगर भगवान केदारनाथ के कपाट बन्द होने का समय व लगन आगामी 24 अक्टूबर को शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर में पंचाग गणना के अनुसार घोषित की जायेगी। उन्होंने बताया कि द्वितीय केदार के नाम से विश्व विख्यात भगवान मदमहेश्वर के कपाट बन्द होने तथा चल विग्रह उत्सव डोली के धाम से शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर ऊखीमठ आगमन की तिथि आगामी 24 अक्टूबर को विजय दशमी पर्व पर पंचाग गणना के अनुसार शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर में घोषित की जायेगी।
उन्होंने बताया कि तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट बन्द होने तथा चल विग्रह उत्सव डोली के कैलाश से शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ आगमन की तिथि भी आगामी 24 अक्टूबर को शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ में पंचाग गणना के अनुसार घोषित की जायेगी।



