औली में कम बर्फबारी के चलते स्नो बोर्ड चैंपियनशिप रद्द

औली में कम बर्फबारी के चलते स्नो बोर्ड चैंपियनशिप रद्द
जोशीमठ। पहाड़ों में इस बार जहां फरवरी माह में ही गर्मी देखने को मिल रही है। वही बर्फबारी कम होने के चलते जनपद चमोली के औली में होने जा रही स्नो वर्ल्ड चैंपियनशिप रद्द कर दी गई है। बताया जा रहा है कि औली में इस साल कम बर्फबारी के चलते प्रतियोगिता को रद्द करने का फैसला लिया गया है। यह चैंपियनशिप 23 से 26 फरवरी तक प्रस्तावित थी, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नेशनल सीनियर और जूनियर अल्पाइन स्की एंड स्नो वर्ल्ड चैंपियनशिप को रद्द कर दिया गया है। चमोली जनपद में स्थित विश्व प्रसिद्ध स्की रिजॉर्ट औली में दूसरी बार राष्ट्रीय शीतकालीन खेलों का आयोजन किया जाना था। ये टूर्नामेंट पहले 2 से 5 फरवरी के बीच आयोजित होने थे, बाद में इसकी शेड्यूल में बदलाव किया गया। इसे 23 से 26 फरवरी को औली में आयोजित होना था।
इन शीतकालीन खेलों के लिए पर्यटन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली थी। लेकिन अब कम बर्फबारी के चलते प्रस्तावित विंटर गेम्स रद्द हो गए हैं।
रिपोर्ट की मानें तो जोशीमठ में आई आपदा और बर्फ न होने के चलते गेम्स की तिथि आगे बढ़ाई गई थी। पूर्व से ही कहा जा रहा था कि इस बार विंटर गेम्स नहीं होंगे लेकिन अब एक बार फिर तिथि का ऐलान हो गया था, इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्ग के खिलाड़ी शामिल होने थे। विंटर गेम्स का आयोजन सेफ ( सुरक्षित ) औली का संदेश देने के साथ-साथ आगामी चार धाम यात्रा और पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था।



