प्राथमिक विद्यालय ढौडिक के 4 व ऊखीमठ के 8 नौनिहालों का नवोदय में चयन,

लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठ। विकासखंड ऊखीमठ व अगस्तमुनि के लिए गौरव का क्षण है कि दोनों क्षेत्रो के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी नौनिहालों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढौडिक खडपतियाखाल के चार विद्यार्थियों सहित ऊखीमठ पूरे विकासखंड के कुल आठ अन्य विद्यार्थियों का चयन नवोदय विद्यालय की कक्षा में प्रवेश हेतु हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, सीमांत क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत इन विद्यार्थियों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सफलता अर्जित की है। नवोदय विद्यालय में प्रवेश को ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर माना जाता है, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढौडिक खडपतियाखाल के चार नौनिहालों के चयन से विद्यालय परिवार में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के शिक्षकों ने इसे अपनी मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का परिणाम बताया। विकासखंड ऊखीमठ के अन्य विद्यालयों से चयनित आठ विद्यार्थियों की सफलता पर भी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र की शैक्षिक गुणवत्ता को दर्शाती है और भविष्य में और भी बेहतर परिणामों की उम्मीद जगाती है। अभिभावकों ने अपने बच्चों की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय में प्रवेश से बच्चों को बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की दिशा मिलेगी । क्षेत्र के शिक्षा प्रेमियों ने इस सफलता को पूरे तल्लानागपुर व ऊखीमठ विकासखंड के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी। प्राथमिक विद्यालय ढौडिक के नौनिहालों की सूची । आदित्य कुमार। आंचल। आदर्श सिंह व आदित्य सिंह। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि कान्त नौटियाल ने बताया कि इनके अलावा वर्ष 2019 से 2025 तक इस विद्यालय से 18 नौनिहालों का चयन पूर्व में हो चुका है। ऊखीमठ विकासखंड के नौनिहालों की सूची। आरव व अनुराग प्राथमिक विद्यालय लम्बगौडी, सानवी प्राथमिक विद्यालय बेडूला, कुमारी राधिका प्राथमिक विद्यालय देवर , दिव्यांशु प्राथमिक विद्यालय धानी , वंशिका प्राथमिक विद्यालय तुलंगा, वैष्णवी प्राथमिक विद्यालय कोठेडा , अविरल प्राथमिक विद्यालय कविल्ठा ।



