
अगस्त्यमुनि में कई मोहल्ले हुए जलमग्न, विधायक आवास तक पहुंचा पानी,
मदमहेश्वर धाम में नदी का जल स्तर बढ़ने से अस्थाई पुलिया को बना खतरा,
बेलनी स्थित हनुमान मंदिर से साधु-संतो और भक्तों ने मंदिर और आवासीय भवनों से निकाला सामान,
रुद्रप्रयाग। जनपद में अलकनंदा नदी रौद्र रूप में बह रही है। अचानक से नदी का जल स्तर दो मीटर तक बढ़ने से लोगों ने अपने आवासीय भवनों को खाली करना शुरू कर दिया। गनीमत, रही कि इस दौरान कोई बड़ी घटना नहीं घटी। पहले ही अलकनंदा नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है। ऊपर से अचानक दो मीटर तक जल स्तर बढ़ने के कारण लोग घरों से बाहर आ गए और अपने सामान को समेटना शुरू किया। सुविधानगर में बाल्मिकी समाज के पांच परिवारों ने घरों को छोड़ दिया है, जबकि बेलनी में हनुमान मंदिर के साधु संतो और भक्तों ने सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर रख लिया है।
वहीं अगस्त्यमुनि नगर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के कारण कई मोहल्ले जल मग्न हो चुके हैं। यहां केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत का आवास भी पानी से लबालब हो चुका है। इसके अलावा द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर के मुख्य पड़ाव गौंडार गांव के पास बनतोली नदी का जल स्तर बढ़ने से अस्थाई पुलिया को खतरा पैदा हो गया है। पिछले साल यहां पर स्थाई पुल नदी का जल स्तर बढ़ने के कारण तेज बहाव में बह गया था। अब अस्थाई बनाये गये लकड़ी के पुल को भी खतरा पैदा हो गया है।



