उत्तराखंडफटाफट ख़बरें

समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों से संबंधित समस्याओं के निस्तारण के निर्देश

रूद्रप्रयाग। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत गठित जनपद स्तरीय समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अनुश्रवण समिति, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण समिति, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP), जिला स्तरीय दिव्यांगता समिति तथा जिला स्तरीय नशामुक्त भारत अभियान समिति से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से सभी योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी ढंग से संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा योजनाओं को अधिक प्रभावशाली एवं जनोपयोगी बनाने के संबंध में अपने सुझाव भी दिए गए।

माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण समिति के सदस्य अनंत कुमार नौटियाल ने वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा गैस एवं राशन आपूर्ति से संबंधित कार्यों के लिए पृथक काउंटर की व्यवस्था किए जाने का सुझाव दिया। जिलाधिकारी ने इस पर जिला पूर्ति अधिकारी को वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक काउंटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एक शत-प्रतिशत दिव्यांग बालिका का दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बन पाने की जानकारी समिति के सदस्य द्वारा दी गई। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को शीघ्र चिकित्सकीय टीम भेजकर आवश्यक जांच के उपरांत दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (DDRC) के प्रतिनिधि विकास नौटियाल ने ग्राम भ्यूता निवासी दिव्यांग महिला गीता देवी पत्नी देवेन्द्र लाल का जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड नहीं बन पाने की समस्या से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर प्रकरण का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में रुद्रप्रयाग जनपद में प्रस्तावित वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित विषय को भी रखा गया। इस संबंध में जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को पत्र प्रेषित करने पर चर्चा की गई।

नशामुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में जनपद में नशामुक्ति एवं जागरूकता से संबंधित 29 कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनमें शपथ कार्यक्रम, वॉल पेंटिंग, मैराथन दौड़, विद्यालयों में निबंध, नाटक एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। समिति द्वारा किए गए जागरूकता कार्यक्रमों पर संतोष व्यक्त करते हुए अभियान को निरंतर प्रभावी रूप से संचालित करने पर सहमति व्यक्त की गई।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी पारुल गोयल, जिला विकास अधिकारी मनविन्दर कौर, जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्र, जिला पूर्ति अधिकारी केएल कोहली, पुलिस विभाग से इंस्पेक्टर नीलाभ खाली सहित समिति के सदस्य दरमियान सिंह जखवाल, रघुवीर लाल, हर्ष लाल एवं धनवीर लाल उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!