रुद्रप्रयाग में बारिश का कहर, सुविधानगर में घर में घुसा पानी एक परिवार ने छोड़ा आशियाना

पुल जलमग्न, एक परिवार ने छोड़ा आशियाना
रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर के सुविधानगर क्षेत्र में एक घर में पानी घुस गया है। हालात ऐसे बने कि परिवार को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ा। पुनाड़ गदेरे पर बना पुल भी जलमग्न हो गया है, जबकि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
लगातार बारिश के चलते रुद्रप्रयाग के सुविधानगर इलाके में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। बारिश का पानी घर में घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार ने बढ़ते खतरे को देखते हुए अपना घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर शरण ली है।
सुविधानगर में पुनाड़ गदेरे पर बना पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पुल पर पानी आने से आवाजाही प्रभावित हो गई है और स्थानीय लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जिला प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से नदी-नालों व जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की जा रही है। बारिश के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं स्थानीय लोगों का रोजगार भी प्रभावित हो रहा है।



