उत्तराखंडखास खबरेंरुद्रप्रयाग

कार्तिक स्वामी मंदिर में महायज्ञ व पुराण वाचन की तैयारियां शुरू, क्षेत्र में उत्सव का माहौल

लक्ष्मण सिंह नेगी

कण-कण में गूंजेगी धर्म और आस्था की ध्वनि ।
यात्रा पड़ावों पर लौटने लगी रौनक ।

ऊखीमठ। रूद्रप्रयाग जनपद में 8530 फीट की ऊंचाई पर विराजमान प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ कार्तिक स्वामी मंदिर में आगामी 5 जून से 15 जून तक आयोजित होने वाले भव्य महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम की तैयारियां तेज़ी से शुरू हो गई हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्रीय जनता, कार्तिकेय मंदिर समिति, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। धार्मिक आयोजन के चलते कार्तिक स्वामी क्षेत्र में एक बार फिर मेले जैसा वातावरण बनने लगा है तथा यात्रा पड़ावों पर भी रौनक लौटने लगी है। कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि 11 दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ महायज्ञ, पुराण वाचन, भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन तथा विभिन्न धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तथा देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से विद्वान आचार्य, संत-महात्मा महायज्ञ , पुराण वाचन कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन को भव्य व सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां शुरू कर दी गयी है। सचिव बलराम सिंह नेगी ने बताया कि कार्तिक स्वामी तीर्थ भगवान शिव एवं माता पार्वती के ज्येष्ठ पुत्र देवसेनापति भगवान कार्तिकेय की तपोस्थली के रूप में विख्यात है। समुद्र तल से लगभग ८५३९ फीट की ऊंचाई पर स्थित यह तीर्थ अपने धार्मिक महत्व के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य के लिए भी देशभर में प्रसिद्ध है। ऐसे में महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी ने बताया कि आयोजन को लेकर मंदिर परिसर, पैदल मार्ग, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है तथा स्थानीय व्यापारियों, होटल संचालकों एवं वाहन संचालकों में भी उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि धार्मिक आयोजन से क्षेत्र की आर्थिकी को भी गति मिलने की उम्मीद है।
कोषाध्यक्ष चन्द्र सिंह नेगी का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन न केवल सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को मजबूती प्रदान करते हैं, बल्कि सामाजिक एकता एवं भाईचारे का संदेश भी देते हैं। प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी , उप प्रबंधक रमेश नेगी ने बताया कि ११ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे कार्तिक स्वामी क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से यात्रा पड़ावों पर फिर से चहल-पहल लौटने लगी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!