एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण, स्वच्छ एवं हरित रुद्रप्रयाग का लिया संकल्प

हरेला पखवाड़ा के अंतर्गत जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग में चला वृहद स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण, स्वच्छ एवं हरित रुद्रप्रयाग का लिया संकल्प
रूद्रप्रयाग। जनपद में संचालित हरेला पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जिला सूचना कार्यालय, रुद्रप्रयाग परिसर में जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा के नेतृत्व में वृहद स्वच्छता अभियान एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ जनपद के वरिष्ठ मीडिया प्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यालय परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान से किया गया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनपद के प्रेस प्रतिनिधियों ने कार्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया तथा स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
स्वच्छता अभियान के उपरांत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत कार्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। पौधरोपण के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा जलवायु संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्द्धन की जिम्मेदारी भी संबंधित कार्मिकों द्वारा सुनिश्चित की गई।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और हरियाली दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित हरेला पखवाड़ा जन-जन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रभावी अभियान है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं प्रेस प्रतिनिधियों से अपील की कि पौधरोपण को केवल औपचारिकता न मानते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
कार्यक्रम में उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने भी सूचना विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता संबंधी जनजागरूकता अभियानों को समाज के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अनसूया प्रसाद मलासी, हरेंद्र नेगी, राजेश सेमवाल, रोहित डिमरी, दीपक बिष्ट, हिमांशु सेमवाल, जिला सूचना कार्यालय के सहायक लेखाकार नितिश फरासी, कनिष्ठ सहायक अरुण भरतरी, डाटा एंट्री ऑपरेटर राकेश नौटियाल, सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव विनय भट्ट, नरेंद्र पंवार, दीपक गोस्वामी, आनंद सिंह बिष्ट, भुवनेश सिंह नेगी उपस्थित रहे।



