
रूद्रप्रयाग। बसुकेदार क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत तालजामण के जंदरियाण बडेथ थपोनी तोक में लगातार हो रही बारिश से लोग संकट में हैं। बारिश के कारण यह क्षेत्र भूस्खलन की चपेट में आ गया है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि यहां रह रहे 10 परिवारों ने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है। ग्रामीणों का कहना है कि गत वर्ष आई आपदा के दौरान भी इस क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ था।
उस समय प्रशासन और शासन स्तर पर सुरक्षा दीवार व अन्य सुरक्षात्मक कार्य कराने का आश्वासन दिया गया था लेकिन समय रहते कोई
ठोस कदम नहीं उठाए गए। उनका आरोप है कि यदि पिछले वर्ष ही सुरक्षा दीवार और भूस्खलन रोकने के आवश्यक कार्य पूरे कर दिए गए होते तो इस बार नुकसान कम हो सकता था।
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार दरकती जमीन और पहाड़ी से गिर रहे मलबे के कारण लोगों के सामने जान-माल का खतरा बना हुआ है। सुरेंद्र सिंह, अनूप सिंह, आशीष राणा श्रीपाल बिष्ट द्वारिका सहित अन्य लोगों का कहना है कि घटना के बाद अभी तक शासन-प्रशासन का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा है। प्रशासन को शीघ्र क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध करानी चाहिए।



