उत्तराखंडखास खबरें

निर्विघ्न संपन्न हुई केदारनाथ धाम यात्रा, 19.33 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन, यात्रा के दौरान 142 श्रद्धालुओं की मौत,

111 यात्रियों को हेली सेवा से किया गया एयरलिफ्ट,
मानसून में आपदा राहत टीमों ने निभाई अहम भूमिका

रुद्रप्रयाग। हिमालय में विराजमान ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम की वर्ष 2026 की यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शनों के लिए धाम पहुंचे। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस यात्रा सीजन में 19 लाख 33 हजार 138 से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इनमें 1 लाख 26 हजार 222 श्रद्धालु हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ धाम पहुंचे। यात्रा के दौरान जहां लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ बाबा के दरबार में मत्था टेका, वहीं दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में यात्रा का संचालन प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र के लिए बड़ी चुनौती भी बना रहा।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न कारणों से 142 श्रद्धालुओं की जान चली गई। वहीं, धाम और यात्रा मार्ग पर तबीयत बिगड़ने के चलते 111 श्रद्धालुओं को हेली सेवा के माध्यम से सफलतापूर्वक एयरलिफ्ट कर रेस्क्यू किया गया। समय रहते की गई इन रेस्क्यू कार्रवाइयों से कई यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली।

खासतौर पर मानसूनी सीजन के दौरान केदारनाथ यात्रा का संचालन चुनौतीपूर्ण रहा। लगातार बारिश, भूस्खलन, पहाड़ी से गिरते पत्थरों और प्रतिकूल मौसम के बीच यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना आपदा प्रबंधन विभाग के लिए बड़ी जिम्मेदारी रही। ऐसे हालात में यात्रा मार्ग पर तैनात आपदा राहत एवं बचाव दलों ने मुस्तैदी से मोर्चा संभाले रखा।

आपदा राहत टीमों ने कठिन परिस्थितियों में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालने, बीमार और घायल श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने तथा जरूरत पड़ने पर हेली रेस्क्यू के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम की चुनौतियों के बावजूद राहत एवं बचाव टीमों ने देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया।
केदारनाथ यात्रा 2026 में जहां 19.33 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ा, वहीं यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत टीमों का योगदान महत्वपूर्ण रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!