जनपद में शत प्रतिशत आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) बनाने के लिए जुटा स्वास्थ्य विभाग

रुद्रप्रयाग। आयुष्मान भवः अभियान के तहत जनपद में शत प्रतिशत आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग मिशन मोड में जुट गया है। अभियान के तहत पहले दिन 125 टीमों द्वारा अपने क्षेत्रो में भ्रमण कर 2218 लोगों की आभा आईडी बनाई। वहीं, आयुष्मान भवः के अंतर्गत मंगलवार को आयोजित रक्तदान शिविर में 05 ने रक्तदान किया व दो रक्तदान पंजीकरण शिविरों में 111 द्वारा रक्तदान पंजीकरण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 एचसीएस मर्तोलिया ने बताया कि आयुष्मान भवः अभियान के अंतर्गत जनपद में प्रत्येक की आभा आईडी बनाने के लिए अभियान शुरू किया गया। बताया कि 02 दिसंबर तक प्रत्येक लाभार्थी की आभा आईडी बनाने के लिए एएनएम को नोडल व आंगनबाड़ी कार्यकत्री को सहायक नोडल बनाया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में सीएचओ व एएनएम की 122 टीमों द्वारा गांव में आभा आईडी बनाई जा रही हैं, वहीं जनपद मुख्यालय में प्रमुख कार्यालयों में कैंप लगाकार आभा आईडी बनाई जा रही है। इसकी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर व विकास भवन परिसर में कैंप लगाकर कर्मचारियों व इन कार्यालयों में पहुंचने वाले लोगों की आभा आईडी बनाई गई। बताया कि आभा आइडी अभियान के पहले दिन 2218 आभा आईडी बनाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लोगों ने समस्त जनपद वासियों से अपनी-अपनी आभा आईडी बनवाने की अपील की है।
उधर, आयुष्मान भवः अभियान के तहत आज विद्यापीठ गुप्तकाशी में रक्तदान व रक्तदाता पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 09 लोगों द्वारा रक्तदान किया गया व 85 लोगों का रक्तदाता पंजीकरण किया गया। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित रक्तदान पंजीकरण शिविर में 26 लोगों का रक्तदाता के रूप में पंजीकरण किया गया।



