उत्तराखंडखास खबरें

जिलाधिकारी ने आपदा कंट्रोल रूम से की आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा

केदारनाथ यात्रा की लगातार मॉनिटरिंग, यात्रियों की सुरक्षा पर प्रशासन की नजर

जनपद में मौसम विज्ञान विभाग द्वारा भारी वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम की संभावना के दृष्टिगत ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा एहतियाती तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा ने जिला आपदा परिचालन केंद्र में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मौसम की स्थिति एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित विभाग तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें और आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करें।

जिलाधिकारी ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति पर कैमरों के माध्यम से निगरानी करने के साथ ही श्री केदारनाथ धाम यात्रा की भी लगातार मॉनिटरिंग की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ यात्रा सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संचालित की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रियों की सहायता एवं सुरक्षा के लिए विभिन्न स्थानों पर प्रशासन की टीमें तैनात हैं तथा मौसम की स्थिति के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

जिलाधिकारी ने खोज एवं बचाव दलों को भी आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई के लिए अलर्ट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

इस दौरान बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, मुख्य चिकित्साधिकारी पारुल गोयल, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!