भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई

रुद्रप्रयाग। आज भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने की। इस अवसर पर जनपद के सभी मंडल मुख्यालयों एवं बूथों पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भारत सिंह चौधरी जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट की मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए। तदोपरांत गोष्ठी का आयोजन भी किया गया
गोष्ठी में मुख्य वक्ता सूबे के कैबिनेट मंत्री श्री भरत सिंह चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानववाद’ के माध्यम से ऐसी विकास दृष्टि प्रस्तुत की, जिसमें समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। उनके विचार आज भी राष्ट्रहित और जनसेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल जी का जीवन सादगी, त्याग और सिद्धांतों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का उदाहरण है।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचार भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उनके विचारों को अपने आचरण में उतारते हुए संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों में निरंतर जुटे रहें।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा, अध्यक्ष जिला पंचायत पूनम कठैत, राज्य मंत्री विजय कप्रवान,चंडी प्रसाद भट्ट ओमप्रकाश भट्ट, जिला महामंत्री अरुण चमोली राय सिंह राणा ,प्रदेश कार्य समिति सदस्य अजय सेमवाल मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, सैन सिंह बिष्ट, शशी नेगी जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल, सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



