उत्तराखंडधार्मिकपर्यावरणफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

बूढ़ा मद्महेश्वर : आस्था, अध्यात्म और प्रकृति का अटूट संगम, प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र

लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठ। द्वितीय केदार के रूप में विश्व विख्यात मदमहेश्वर धाम के शीर्ष पर स्थित बूढ़ा मद्महेश्वर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि अपनी अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक ऊर्जा के लिए भी श्रद्धालुओं एवं प्रकृति प्रेमियों के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र बना हुआ है। सुरम्य मखमली बुग्यालों के मध्य विराजमान यह पवित्र स्थल हिमालय की गोद में बसे दिव्य लोक का आभास कराता है। बूढ़ा मद्महेश्वर का धार्मिक महत्व अत्यंत प्राचीन और पौराणिक है। मान्यता है कि यहां भगवान शिव का प्राचीन स्वरूप विराजमान है, जो साधकों और भक्तों को आत्मिक शांति एवं मोक्ष की अनुभूति प्रदान करता है। पंच केदार परंपरा में मद्महेश्वर का विशेष स्थान है, और इसके शीर्ष पर स्थित बूढ़ा मद्महेश्वर को भगवान शिव की तपस्थली माना जाता है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु कठिन यात्रा के बाद जब इस दिव्य धाम के दर्शन करते हैं, तो उनकी थकान पलभर में समाप्त हो जाती है।आध्यात्मिक दृष्टि से यह स्थान साधना और ध्यान के लिए अत्यंत उपयुक्त माना जाता है। चारों ओर फैली शांति, मंद-मंद बहती शीतल हवाएं और प्राकृतिक वातावरण मन को एकाग्र कर आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का अनुभव कराते हैं। साधु-संत और योग साधक यहां आकर ध्यान साधना में लीन होकर आध्यात्मिक उन्नति की अनुभूति प्राप्त करते हैं। प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से बूढ़ा मद्महेश्वर अद्वितीय है। यहां के मखमली हरे-भरे बुग्याल दूर-दूर तक फैले हुए हैं, जो मानो प्रकृति की हरी चादर ओढ़े हुए हों। गर्मियों व बरसात के मौसम में ये बुग्याल विभिन्न रंग-बिरंगे फूलों से आच्छादित होकर स्वर्ग जैसी अनुभूति प्रदान करते हैं। हिमालय की ऊँची चोटियों से घिरा यह क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों और ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। इस पवित्र स्थल की सबसे बड़ी विशेषता है सामने आकाश को छूती भव्य चौखम्भा पर्वत शृंखला का अद्भुत दृश्य। सूर्योदय के समय चौखम्भा की बर्फ से ढकी चोटियों पर पड़ती सूर्य की सुनहरी किरणें ऐसा मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करती हैं, जिसे शब्दों में बयां करना कठिन है। यह दृश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है तथा उनके मन में अद्भुत शांति और आनंद का संचार करता है। मद्महेश्वर धाम के हक – हकूकधारी शिवानन्द पंवार के अनुसार बूढ़ा मद्महेश्वर क्षेत्र में देवताओं का वास है और यहां की प्रत्येक शिला, प्रत्येक बुग्याल और प्रत्येक जलधारा में दिव्यता का वास है। यही कारण है कि यहां आने वाला हर व्यक्ति स्वयं को एक अलग ही ऊर्जा से परिपूर्ण महसूस करता है। मद्महेश्वर धाम के व्यापारी भगत सिंह पंवार का कहना है कि पर्यटन की दृष्टि से भी यह क्षेत्र अपार संभावनाओं से भरा हुआ है। यदि यहां मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाए, तो यह स्थान देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सकता है। साथ ही यह क्षेत्र स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर सकता है। वन पंचायत सरपंच गौण्डार पते सिंह पंवार ने बताया कि बूढ़ा मद्महेश्वर आस्था, अध्यात्म और प्रकृति का अद्भुत संगम है, जहां पहुंचकर मानव जीवन के वास्तविक अर्थ का अनुभव करता है। यह स्थान न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि प्राकृतिक और आध्यात्मिक संतुलन का अनुपम उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!