बीकेटीसी ने दिखाया सख्त रुख, गर्भगृह में फ़ोटो खींचने वाले व्यक्ति पर की कार्यवाही

बीकेटीसी ने दिखाया सख्त रुख, केदारनाथ गर्भगृह में फ़ोटो खींचने वाले व्यक्ति पर की कार्यवाही
केदारनाथ। मंदिर गर्भगृह में प्रतिबंध के बावजूद फोटो खींचने पर श्री बद्रीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति ने सख्त रूख दिखाया है। सोशल मीडिया पर शुक्रवार शाम से केदारनाथ गर्भगृह की एक फोटो वायरल होने पर बीकेटीसी ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहनता से जांच की और फोटो खींचने वाले व्यक्ति को खोज निकाला। बीकेटीसी की कार्यवाही से घबराकर इंदौर निवासी उक्त तीर्थयात्री ने लिखित रूप से क्षमा याचना की है। अपने इस कृत्य के एवज में उक्त तीर्थयात्री ने बीकेटीसी के कोष में ग्यारह हजार रुपए की विशेष दान की पर्ची कटवाई ।
उक्त तीर्थयात्री ने अपने माफीनामा में कहा कि जब प्रसिद्ध कथा वाचक मोरारी बापू गर्भगृह में पहुंचे। उस दौरान वह व्यक्ति भी गर्भगृह में उपस्थित था। भवावेश में आकर उसने गर्भगृह में शिवलिंग के साथ बापू की फोटो खींच ली और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। तीर्थयात्री ने बताया कि गर्भ ग्रह में तैनात कर्मचारियों द्वारा फोटो नहीं खींचने को लेकर निर्देश भी दिए जा रहे थे। किंतु भावनाओं में बहकर उसने चुपके से फोटो खींच ली।



