उत्तराखंडफटाफट ख़बरें

केदारनाथ धाम के रक्षक भगवान भुकुंड भैरवनाथ के कपाट शीतकाल के लिए हुए बंद

केदारनाथ धाम के रक्षक भगवान भुकुंड भैरवनाथ के कपाट शीतकाल के लिए हुए बंद

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम के रक्षक भगवान भैरवनाथ के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए है।

शनिवार को केदारनाथ के मुख्य पुजारी शिव लिंग ने ठीक 12 बजे केदारनाथ मंदिर में भोले बाबा की पूजा अर्चना कर भोग लगाया। इसके उपरान्त लगभग एक बजे केदारनाथ के मुख्य पुजारी, तीर्थ पुरोहित, हक हकूकधारियों एवं बद्री-केदार मंदिर समिति के कर्मचारियों के साथ केदारपुरी की पहाड़ी बसे भगवान भुकुंड भैरवनाथ मंदिर पहुंचे, जहां भैरवनाथ के कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू की गई। भैरवनाथ मंदिर में वैदिक मंत्रों के साथ पाषाण मूर्तियों का दूध व घी से अभिषेक किया। तथा वेदपाठी एवं तीर्थपुरोहितों ने मंत्रों के साथ जौ, तिल व घी से हवन किया। इस दौरान यहां पर पूरी, हलवा का प्रसाद बनाकर भगवान को भोग लगाया गया।

इस दौरान भैरवनाथ के पश्वा अरविंद शुक्ला पर भैरवनाथ नर रूप में अवतरित हुए, और यहां उपस्थित भक्तों को अपना आशीर्वाद भी दिया। इस दौरान भक्तों के जयकारों से क्षेत्र का वातावतरण भक्तिमय हो गया। मंदिर में करीब दो घंटे चली पूजा-अर्चना के बाद ठीक तीन बजे भगवान भैरवानाथ के कपाट पौराणिक रीति रिवाजों के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अंत में उपस्थित भक्तों नेे पूरी, हलवा व पकोडी को भक्तों ने प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के कार्याधिकारी आरसी तिवारी, भैरवनाथ के पश्वा अरविंद शुक्ला, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, धर्माधिकारी ओंकार शुक्ला, विपिन जमलोकी , विनोद शुक्ला, नवीन शुक्ला, प्रदीप सेमवाल कुलदीप धर्मवान, ललित त्रिवेदी, पंकज शुक्ला समेत बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!