रुद्रनाथ ट्रैक पर गया युवक चार दिन से लापता , तलाश में जुटी एसडीआरएफ

रुद्रनाथ ट्रैक पर गया युवक चार दिन से लापता , तलाश में जुटी एसडीआरएफ
चमोली। चतुर्थ केदार रुद्रनाथ पैदल मार्ग पर गया उत्तर प्रदेश का एक युवक चार दिन से लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी युवक का कहीं कोई सुराग नहीं लग पा रहा है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।
बीते 16 अक्टूबर को श्रेयश उम्र 19 वर्ष पुत्र भगवान दास निवासी मोहल्ला खतेनी, लोहा मंडी आगरा , उत्तर प्रदेश और सुखपाल सिंह निवासी गुमावाला, पिरान कलियर, हरिद्वार तृतीय केदार तुंगनाथ के दर्शन कर मंडल गोपेश्वर मार्ग से लौट रहें थे। ग्वाड गांव के पास उन्हें रुद्रनाथ मंदिर का बोर्ड दिखा। श्रेयश दोपहर में करीब 12 बजे अकेले ही रुद्रनाथ के लिए निकल गया। जबकि सुखपाल वहीं रुक गया। जब श्रेयश 17 अक्टूबर को भी नहीं लौटा तो सुखपाल ने इसकी सूचना गोपेश्वर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की तो जानकारी मिली कि श्रेयश रास्ता भटकते हुए कैलूडी तोक पहुंच गया। वहां एक दुकानदार ने उसे सही रास्ते पर भेज दिया मगर वह फिर रास्ता भटक गया। 17 अक्टूबर को श्रेयश ने शाम 6 बजे सुखपाल को मैसेज किया कि वह रास्ता भटक गया है, जब सुखपाल ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो फोन नहीं लगा।
बारिश और कोहरे की वजह से भटका रास्ता
रेस्क्यू टीम के साथ सुखपाल भी श्रेयश की खोज में जुटा है। चमोली पुलिस उपाधीक्षक नताशा सिंह का कहना है कि जिस दिन श्रेयश रुद्रनाथ ट्रैक पर निकला उसी दिन दोपहर बाद बारिश व बर्फबारी हुई । आशंका है की बारिश और कोहरे होने से वह गलत रास्ते पर निकल गया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमें युवक की तलाश में जुटी हुई है।



