स्व. चंद्रबल्लभ बेंजवाल की स्मृति में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता सम्पन्न

कोरोना काल में स्वदेशी वैक्सीन के निर्माण में रहा था महत्वपूर्ण योगदान, युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित हुई प्रतियोगिता
अगस्त्यमुनि। जिला खेल कार्यालय रुद्रप्रयाग के सहयोग से स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि के इंडोर हॉल में स्वर्गीय श्री चंद्रबल्लभ बेंजवाल की पुण्य स्मृति में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता का समापन खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि श्री सुरेश शाह, सुश्री निकिता भट्ट, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत अगस्त्यमुनि तथा श्रीमती राधिका, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय श्री चंद्रबल्लभ बेंजवाल कोरोना महामारी के कठिन दौर में स्वदेशी वैक्सीन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े व्यक्तित्व थे। वे बिबकोल (भारत इम्यूनोलॉजिकल्स एंड बायोलॉजिकल्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड) में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत रहे। उन्होंने देश में पोलियो वैक्सीन के निर्माण एवं टीकाकरण अभियान में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों ने देश की स्वास्थ्य सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूती प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय बेंजवाल का विज्ञान, स्वास्थ्य सेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी पुण्य स्मृति में आयोजित यह बैडमिंटन प्रतियोगिता न केवल युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का माध्यम है, बल्कि उनके प्रेरणादायी योगदान को याद करने का भी एक सार्थक प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।



