
लक्ष्मण सिंह नेगी।
हजारों श्रद्धालु बने ऐतिहासिक क्षण के साक्षी,
कल से शीतकालीन गद्दी स्थल में शुरू होगी बाबा केदार की शीतकालीन पूजा
ऊखीमठ। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को हजारों श्रद्धालुओं की जयकारों, वैदिक मंत्रोच्चारण एवं धार्मिक परंपराओं के बीच शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान हो गई। बाबा केदार की उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल पहुंचने के साथ ही केदारनाथ धाम की शीतकालीन पूजा की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा विधि-विधान एवं परंपरानुसार विधिवत शुरू हो जाएगी। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया तथा क्षेत्र का वातावरण केदारनाथ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
शुक्रवार को पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मंदिर की परंपराओं के अनुसार डोली को शीतकालीन गद्दी स्थल में विराजमान कराया गया। इस अवसर पर केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग सहित मंदिर के पुजारी, वेदपाठी, हक-हकूकधारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। डोली के विराजमान होने के साथ ही बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना का क्रम ओंकारेश्वर मंदिर में शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
इस अवसर पर रावल भीमाशंकर लिंग ने केदारनाथ धाम के प्रधान पुजारी गंगाधर लिंग का छह माह तक केदारनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने का संकल्प तोड़ने की धार्मिक परंपरा भी संपन्न कराई। इस वर्ष ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान केदारनाथ के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा तथा 68 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने शीतकालीन गद्दी स्थल पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। इससे शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर की धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी नई पहचान मिली है। केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था ओंकारेश्वर मंदिर से जुड़ी रहने के कारण ऊखीमठ क्षेत्र में तीर्थाटन गतिविधियां जारी रहने की उम्मीद है।
केदारनाथ धाम की यात्रा के निर्विघ्न संपन्न होने पर केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल, क्षेत्र पंचायत प्रमुख पंकज शुक्ला एवं केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने शासन-प्रशासन, पुलिस, तीर्थ पुरोहित समाज,विभिन्न विभागों, मंदिर समिति के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के सफल संचालन में सभी संबंधित विभागों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं स्थानीय जनता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सामूहिक प्रयासों से इस वर्ष भी केदारनाथ यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में सफलता मिली है।
शनिवार से ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा विधिवत शुरू होने के साथ ही आगामी छह माह तक बाबा केदार की आराधना यहीं से संपन्न होगी। इससे केदारघाटी के ऊखीमठ क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला जारी रहेगा और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को शीतकाल में भी बाबा केदार के दर्शन करने का अवसर मिलता रहेगा। इस अवसर पर रामजीवन हलवाई दिल्ली द्वारा श्रद्धालुओ के लिए भण्डारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट, डा0 केदार लिंग, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, शिव लिंग, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, पंकज भट्ट, उद्योगपति खुशहाल नेगी, मन्दिर समिति सदस्य, प्रह्लाद पुष्वाण, अंकित सेमवाल, पूर्व सदस्य शिव सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा, सन्तोष त्रिवेदी, व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट, सन्दीप पुष्वाण, प्रकाश रावत, बलवन्त रावत, नवदीप नेगी, सुमन जमलोकी, डी एस भुजवाण, राजकुमार नौटियाल सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।



