चंद्रापुरी के गबनी गांव के समीप खाई में गिरा युवक रातभर चला सर्च अभियान, अभी तक लापता

चंद्रापुरी के गबनी गांव के समीप खाई में गिरा युवक रातभर चला सर्च अभियान अभी तक लापता
रूद्रप्रयाग। चंद्रापुरी क्षेत्र के गबनी गांव के समीप रविवार देर रात्रि एक युवक के खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गई, सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ओर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, रातभर संभावित स्थानों पर खोजबीन की लेकिन सोमवार सुबह तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार, 18 अक्टूबर 2026 की रात्रि करीब 11:00 बजे आपातकालीन सेवा 112 पर धर्मेन्द्र सिंह ने सूचना दी कि उनका भाई रविन्द्र सिंह, उम्र 35 वर्ष, वार्ड नम्बर – 02, उदयपुर, ऊखीमठ, चन्द्रापुरी के गबनी गांव के समीप खाई में गिर गए हैं, जिनका कोई पता नहीं चल पा रहा है।सूचना प्राप्त होते ही जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र द्वारा तत्काल एसडीआरएफ एवं पुलिस टीम को घटनास्थल हेतु रवाना किया गया। रात्रि में अंधेरे एवं दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने संभावित स्थानों पर युवक की खोजबीन की। किन्तु लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
इसके बाद सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को प्रातः एसडीआरएफ, जल पुलिस एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया। टीमों द्वारा खाई ओर उसके आसपास क्षेत्रों के साथ ही जल क्षेत्र में तलाश की जा रही है। फिलहाल रविंद्र सिंह का कोई पता नहीं चल पाया है। संयुक्त रेस्क्यू टीमों का सर्च अभियान लगातार जारी है।



