
लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठ। बसुकेदार तहसील क्षेत्र की लंबे समय से लम्बित जनसमस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अस्थायी तहसील भवन बसुकेदार का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। आन्दोलनकारियों ने कहा कि बसुकेदार तहसील की घोषणा के बावजूद आज तक स्थायी तहसील भवन का निर्माण नहीं हो पाया है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय व्यवस्था भी नहीं होने के कारण आम जनता को तहसील सम्बधित कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही हाट-बस्ती मोटर पुल का निर्माण वर्षों से लंबित, आपदा प्रभावित बडेथ ,ताल-जामणा एवं घंघासू-बांगर क्षेत्र के ग्रामीणों को राहत एवं मुआवजा न मिलने तथा क्षेत्र की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर भी ग्रामीणों में भारी आक्रोश है प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बसुकेदार में तहसील भवन सहित विभिन्न मांगों को लेकर घोषणाएं किए जाने के बावजूद धरातल पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। सरकार को घोषणाओं को तत्काल अमलीजामा पहनाना होगा।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी केदारनाथ एवं उत्तराखण्ड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता आशुतोष भण्डारी ने कहा कि “बसुकेदार की जनता अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। तहसील भवन, मोटर पुल, आपदा राहत और मूलभूत सुविधाएं जनता का अधिकार हैं। सरकार को अब घोषणाओं से आगे बढ़कर धरातल पर काम करना होगा। जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आन्दोलन जारी रहेगा।”
प्रमुख मांगें
बसुकेदार तहसील के स्थायी भवन का निर्माण तत्काल शुरू किया जाए।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय भवनों की व्यवस्था की जाए।
हाट-बस्ती मोटर पुल का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पात्र परिवारों को राहत एवं मुआवजा दिया जाए।
सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
शासन स्तर से की गई घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाए।
आन्दोलनकारियों ने ऐलान किया कि मांगों के समाधान के लिए आन्दोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। बुधवार 9 सितंबर से प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक क्रमिक धरना दिया जाएगा। यह धरना बसुकेदार तहसील परिसर/अस्थायी तहसील भवन में दिया जायेगा।
आन्दोलनकारियों ने क्षेत्र की जनता से अपील की कि अपने हक और क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी संख्या में धरने में शामिल होकर आंदोलन को मजबूती प्रदान करें।
घेराव में प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष मनोज वैष्णव, परमेंद्र कुमार, अखिलेश भट्ट, राजेंद्र कुमार, विक्रम फरस्वाण, प्रेम रावत, महिपाल भण्डारी, मोहन भण्डारी, दीप प्रकाश भट्ट सहित क्षेत्र के अनेक ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहे।



