
मां महिष मर्दिनी की देवरा यात्रा पहुंची केदारनाथ धाम, हजारों भक्तों ने पुष्प वर्षा कर किया स्वागत
फाटा ( रूद्रप्रयाग)। नौजुला मैखंडा की आराध्य सिद्धपीठ मां महिष मर्दिनी की देवरा यात्रा 16 वें दिन गौरीकुंड से रवाना होकर देर सांय केदारनाथ धाम पहुंची। जहां पर हजारों भक्तों ने माता की डोली का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान सैकड़ों भक्त माता के दर्शनों ओर आशीर्वाद के लिए पहुंचे, श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
केदारघाटी में इन दिनों मां महिष मर्दिनी की देवरा यात्रा गांव गांव भ्रमण कर भक्ति की कुशलक्षेम पूछ आशीर्वाद दे रही है। माता जिस गांव से होकर गुजरती वहां रौनक दिखने लगी है। गांव में धियानियों के पहुंचने से खुशी का माहौल बना हुआ है। प्रत्येक ग्रामीण माता के डोली के गांव पहुंचने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
देवरा यात्रा के 15वें दिन माता की डोली गौरीकुंड पहुंची जहां ग्रामीणों व्यापारियों एवं भक्तों ने पुष्प अक्षतों से माता की डोली का भव्य स्वागत किया ,चारों ओर माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। यात्रा के 16वें दिन प्रातः पुजारी ने माता की डोली की विधि विधान से पूजा अर्चना की। जिसके बाद नर रूप में अवतरित माता के पाश्र्व के आदेश के पश्चात डोली गौरीकुंड से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई। पैदल मार्ग पर विभिन्न पड़ावों में श्रद्धालुओं ने माता की डोली का फूल मालाओं से स्वागत किया। जगह जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी ओर माता के जयकारों से सारा क्षेत्र गुंजयमान हो उठा। देर शाम केदारनाथ धाम पहुंचने पर तीर्थपुरोहितों , मंदिर समिति एवं भक्तों ने पारंपरिक रीति रिवाज के साथ पुष्प एवं अक्षत अर्पित कर माता की डोली का स्वागत किया। माता की डोली के शिव धाम पहुंचने का ये दिव्य क्षण देख भक्त भावुक हो उठे।
जानकारी के अनुसार माता की डोली दो दिन केदारनाथ धाम में रहने के पश्चात वापिस आयेगी। जिसके बाद माता की डोली गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के लिए रवाना होगी।
इस दौरान देवरा यात्रा समिति अध्यक्ष दर्शन सिंह गुसाई, पुजारी ओमप्रकाश सेमवाल, सुनील सेमवाल, प्रवीण सेमवाल, आचार्य रामकृष्ण जमलोकी, सचिव धीरेंद्र सिंह रावत, विष्णु कुर्मांचली, हिमांशु तिवारी सहित देवरा यात्री, तीर्थ पुरोहित एवं बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।



