महा शिवपुराण कथा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

लक्ष्मण सिंह नेगी।
नौवें दिन राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने किया कथा श्रवण, कथावाचक प्रमोद चमोली ने सुनाई शिव महिमा
उखीमठ । भगवती राज-राजेश्वरी की पावन डोली के तल्लानागपुर क्षेत्र के बावई गांव आगमन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। मां दक्षिण काली परिवार रानी पोखरी तथा ग्राम पंचायत बावई के संयुक्त तत्वावधान में ईश्वरेश्वर महादेव मन्दिर परिसर में आयोजित 11 दिवसीय महा शिवपुराण कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ रहा है। दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण एवं भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। महा शिवपुराण कथा के नौवें दिन रानी पोखरी के प्रख्यात कथावाचक प्रमोद चमोली ने भगवान शिव की महिमा, उनकी करुणा, वैराग्य, भक्ति तथा धर्म की महत्ता का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि शिवपुराण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सत्य, सेवा, संयम और सदाचार की राह दिखाने वाला दिव्य ज्ञान है। भगवान शिव की आराधना से मनुष्य के समस्त कष्ट दूर होते हैं तथा जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त होती है।
कथा के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य चरित्रों, शिवभक्ति की महिमा तथा धर्म के संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया गया, जिन्हें सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा स्थल पूरे दिन हर-हर महादेव और जय मां राज-राजेश्वरी के जयघोषों से गूंजता रहा।
शिव महापुराण कथा के नौवें दिन उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कथा में पहुंचकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया तथा शिवपुराण कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपनी समृद्ध लोक संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। प्रधान शालिनी देवी ने बताया कि महा शिवपुराण कथा के समापन तक प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कथा को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में विशेष उत्साह बना हुआ है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
ईस्वरेवर महादेव मन्दिर समिति अध्यक्ष गम्भीर सिंह नेगी ने बताया कि धार्मिक आयोजन में महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिल रही है। सम्पूर्ण तल्लानागपुर क्षेत्र इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत है तथा भगवती राज-राजेश्वरी की डोली और महा शिवपुराण कथा श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। कथा में जय चमोली, गौरव सेमवाल व शुभम मैठाणी द्वारा संगीत पर साथ दिया जा रहा है। इस मौके पर उपासक अजय बिष्ट, भाजपा अगस्त्यमुनि नगर मण्डल अध्यक्ष मनोज राणा, राजेन्द्र सजवाण, भागचंद नेगी, सूरज पाल गुसाई, विजयपाल सिंह रावत, विचित्र नेगी, रविन्द्र राणा, गुमान सिंह चौहान, कौशल्या देवी, अनीता देवी, सुरेन्द्र सिंह नेगी, विनोद बासकण्डी, स्वामी विजयपाल, विजया देवी, वासुदेई देवी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।



