उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

रंगेश्वर महादेव मंदिर में 101 जल कलशों की भव्य यात्रा

लक्ष्मण सिंह नेगी

हजारों श्रद्धालु बने साक्षी। श्रीराम कथा में गूंजे भक्ति और आस्था के स्वर
ऊखीमठ। क्यूंजा घाटी स्थित रंगेश्वर महादेव मंदिर कण्डारा में आयोजित श्रीराम कथा के सातवें दिन भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा महोत्सव के अंतर्गत 101 श्रद्धालुओ द्वारा सिर पर कलश धारण कर भव्य एवं दिव्य जल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा तथा भगवान श्रीराम और हर-हर गंगे के जयघोषों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ जल कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित राम भक्तों ने प्राकृतिक जल स्रोत से यात्रा आरंभ की। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधि-विधान से कलशों की स्थापना की गई। श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर पुष्पवर्षा कर जल कलश यात्रा का स्वागत किया। श्रीराम कथा का वाचन कर रही कथावाचक राधिका जोशी केदारखण्डी ने जल कलश और मां गंगा की महिमा का विस्तृत वर्णन करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में जल को जीवन, पवित्रता और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक माना गया है। उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और संस्कृति की जीवनधारा है। जल कलश यात्रा व्यक्ति के भीतर शुद्धता, सेवा और समर्पण की भावना का संचार करती है।कथावाचक राधिका जोशी के केदारखण्डी ने श्रीराम कथा के प्रसंगों का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, सत्य और लोककल्याण का आदर्श संदेश देता है। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भजन-कीर्तन में झूमते नजर आए। कार्यक्रम संयोजक हरिशंकर गोस्वामी ने कहा कि कथा आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत करना है। आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना तथा प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भण्डारी, आचार्य देवी प्रसाद वशिष्ठ, दिनेश थपलियाल, नवीन जोशी, ऋर्षि राज गोस्वामी, विवेक गोस्वामी, विलोचन रावत , प्रधान अंजू भण्डारी, महिला मंगल दल अध्यक्ष सन्तोषी देवी , दिवाकर भट्ट, कालिका भट्ट, मनोज नेगी, हर्षवर्धन गैरोला सहित हजारों राम भक्त मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!