उत्तराखंडखास खबरेंरुद्रप्रयाग

12 ज्योतिर्लिंग व चारधाम की यात्रा पर निकला श्रद्धालु पहुंचा कार्तिक स्वामी

12 ज्योतिर्लिंग व चारधाम की यात्रा पर निकला श्रद्धालु पहुंचा कार्तिक स्वामी

ऊखीमठ । 12 ज्योतिर्लिंग एवं चारधाम की यात्रा पर निकले हिमाचल प्रदेश के नूरपुर कांगड़ा निवासी 24 वर्षीय युवा यात्री कार्तिक स्वामी तीर्थ पहुंचने पर कार्तिकेय मन्दिर समिति, स्थानीय व्यापारियों ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर तीर्थ क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण के बीच युवा यात्री के साहस, समर्पण एवं सनातन संस्कृति के प्रति उनकी आस्था की सराहना की गई।
मिली जानकारी के अनुसार बाकी विगत 7 जनवरी से देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों की अनन्त यात्रा पर निकले हुए हैं। उनका उद्देश्य भारत की समृद्ध धार्मिक परम्पराओं, तीर्थ संस्कृति तथा आध्यात्मिक विरासत का अध्ययन एवं प्रचार-प्रसार करना है। कार्तिक स्वामी तीर्थ पहुंचने पर उन्होंने भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर देश की सुख-समृद्धि, विश्व शांति तथा मानव कल्याण की कामना की। युवा यात्री बाकी ने बताया कि यात्रा के दौरान वह देश के 12 ज्योतिर्लिंगों, चारधामों सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता को निकट से जानने तथा युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से उन्होंने यह विशेष यात्रा आरम्भ की है। अब तक वह कई महत्वपूर्ण तीर्थों की यात्रा पूर्ण कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि कार्तिक स्वामी तीर्थ के दर्शन के उपरांत वह गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम की यात्रा पर प्रस्थान करेंगे। इसके बाद आगामी 7 जनवरी 2027 तक देश के विभिन्न राज्यों में स्थित प्रमुख तीर्थस्थलों का भ्रमण कर अपनी अनन्त यात्रा को आगे बढ़ाएंगे। उनका लक्ष्य एक वर्ष की अवधि में भारत की विविध धार्मिक परम्पराओं और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्तिकेय मन्दिर समिति,स्थानीय व्यापारियों एवं तीर्थ यात्रियों ने कहा कि आज के समय में युवाओं का धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की आध्यात्मिक धरोहर से जुड़ना प्रेरणादायक है। उन्होंने बाकी को सफल एवं मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया । कुमार लोक पहुंचे तीर्थ यात्रियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की यात्राएं न केवल देश की धार्मिक एकता को मजबूत करती हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। युवा यात्री बाकी ने सभी के स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए अपनी यात्रा को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर कार्तिकेय मन्दिर समिति सचिव बलराम नेगी, पुजारी नन्दू पुरी, व्यापारी, प्रदीप नेगी, चयन सिंह नेगी, महावीर चौधरी , पंकज नेगी , आशुतोष नेगी, हरि सिंह रावत, शशि देवी रावत सहित व्यापारी व तीर्थ यात्री मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!