उत्तराखंडफटाफट ख़बरेंरुद्रप्रयाग

कार्तिक स्वामी में भव्य जल कलश यात्रा की तैयारियां पूर्ण, 11 दिवसीय महायज्ञ में उमड़ रहा आस्था का सैलाब 

लक्ष्मण सिंह नेगी

ऊखीमठ। भगवान कार्तिकेय की तपस्थली कार्तिक स्वामी में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ एवं पुराण वाचन कार्यक्रम धार्मिक आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है। महायज्ञ के नौवें दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा विश्व कल्याण और समृद्धि की कामना की। इस बीच कल आयोजित होने वाली भव्य जल कलश यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्तिकेय मन्दिर समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा जल कलश यात्रा को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

महायज्ञ के नौवें दिन केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने कुमार लोक पहुंचकर यज्ञ में सहभागिता की। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर यज्ञ हवन में आहुतियां अर्पित कीं तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। महायज्ञ से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार हो रहा है तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
यज्ञाचार्यों एवं विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्रतिदिन विशेष अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। यज्ञशाला में वेद ऋचाओं और धार्मिक जयघोषों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। पुराण वाचन के दौरान कथावाचकों द्वारा धर्म, संस्कृति, मानव मूल्यों तथा भगवान कार्तिकेय की महिमा का विस्तार से वर्णन किया जा रहा है, जिसे सुनने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कार्तिकेय मन्दिर समिति अध्यक्ष बिक्रम सिंह नेगी ने बताया कि महायज्ञ के अंतर्गत कल भव्य जल कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर सहभागिता करेंगे। जल कलश यात्रा बीहड़ चट्टान से होकर यज्ञ स्थल पहुंचेगी। यात्रा को लेकर सुरक्षा, पेयजल, आवागमन तथा श्रद्धालुओं के ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। सचिव बलराम सिंह नेगी ने बताया कि कुमार लोक में प्रतिदिन बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। स्थानीय व्यापारियों एवं ग्रामीणों में भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि देवभूमि की इस पावन तपस्थली में आयोजित महायज्ञ से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा।
उपाध्यक्ष उत्तराज नेगी ने बताया कि महायज्ञ में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता लगातार बनी हुई है। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से जल कलश यात्रा एवं आगामी धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है। महायज्ञ के नौवें दिन प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी , कथावाचक वासुदेव थपलियाल, सुधीर नौटियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रीना बिष्ट, सुमन नेगी, राज्य महिला आयोग सदस्य दर्शनी पंवार, भाजपा चोपता मण्डल अध्यक्ष अर्जुन नेगी, शंकर नेगी, हेमलता नौटियाल, कुंवरी बर्त्वाल, डा० राकेश भट्ट, शशि भट्ट, भावना भट्ट, डा० आशुतोष भण्डारी, बीरू सजवाण, गिरीश नेगी, प्रमोद नेगी, राजेश्वरी देवी, दीपक, बिक्रम सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!