तेवड़ी सेम नारायण मंदिर में श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ, आचार्य बृजमोहन नौटियाल के मुखारविंद से भक्तिरस में सराबोर हो रहे श्रद्धालु

लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ। क्यूंजा घाटी स्थित तेवड़ी सेम नारायण मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ एवं कथा के दौरान क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। मंदिर परिसर में सुबह से लेकर शाम तक वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और कथा प्रवचनों से पूरा क्षेत्र धर्ममय बना हुआ है। श्रीमद्भागवत कथा का वाचन एवं विस्तृत वर्णन प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य बृजमोहन नौटियाल द्वारा किया जा रहा है। कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति, ध्रुव चरित्र तथा भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का मार्मिक वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत मानव जीवन को सत्य, धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का सशक्त माध्यम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपने जीवन में धर्म, सेवा, करुणा एवं संस्कारों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि कलियुग में भगवान के नाम का स्मरण और सत्संग ही मोक्ष प्राप्ति का सरल मार्ग है। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव से भगवान के जयकारे लगाते हुए कथा रसपान कर रहे हैं। प्रधान रजनी देवी ने बताया कि सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ के सफल संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रतिदिन यज्ञ, पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं कथा प्रवचन के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की जा रही है। दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में पहुंच रहे हैं। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं धार्मिक श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूर्व प्रधान श्रीकृष्ण सेमवाल ने बताया कि आयोजन के चलते पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है तथा श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के समापन अवसर पर विशेष पूजन, पूर्णाहुति, विशाल भंडारे एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस मौके पर श्रीनंद नौटियाल, वासुदेव नौटियाल, सूर्य प्रकाश नौटियाल, शान्ति प्रसाद नौटियाल, उमेश चन्द्र सती , पुष्कर सिंह, महावीर सिंह, जय कृष्ण सेमवाल, प्रकाश सिंह, शिशुपाल सिंह, अनुसूया प्रसाद सेमवाल, लक्ष्मी प्रसाद सेमवाल, जसपाल सिंह, जीत सिंह, रविन्द्र प्रसाद सेमवाल, दरवान सिंह, गजपाल सिंह, सर्वेश्वर, मगनानन्द, राजेन्द्र सिंह, त्रिलोक सिंह, महावीर मिश्रा, सुरवीर सिंह, भरत सिंह, भूषण सिंह सहित वन पंचायत, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल के पदाधिकारी, सदस्य व ग्रामीण मौजूद रहे।



