गहरी खाई में गिरे नेपाली मूल के यात्री का पुलिस ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

रूद्रप्रयाग। गौरीकुण्ड शटल पार्किंग से आगे यात्रा मार्ग पर एक व्यक्ति अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच व्यक्ति का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
गौरीकुंड पुलिस को सूचना मिली कि गौरीकुण्ड शटल पार्किंग से आगे यात्रा मार्ग पर एक व्यक्ति अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही गौरीकुण्ड चौकी से पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। घटनास्थल पर जाकर देखा तो व्यक्ति ऊपर रास्ते से नीचे सीधे नदी किनारे गहरी खाई में गिरा हुआ था, जहां पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरा था।
पुलिसकर्मियों ने विपरीत परिस्थितियों में कड़ी मशक्कत और सूझबूझ से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने खाई में उतरकर घायल व्यक्ति तक पहुंच बनाई और कड़ी मेहनत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घायल व्यक्ति की पहचान मन बहादुर पुत्र नरी बहादुर, निवासी- तिला गुफा, कालिकोट, नेपाल) के रूप में हुई है। खाई से निकालने के बाद पुलिस टीम द्वारा घायल को तत्काल उचित उपचार के लिए सोनप्रयाग अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। यात्रा मार्ग पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने पुलिस के साहसिक कार्य की प्रशंसा की है।
रेस्क्यू टीम में उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह रावत, आरक्षी अर्जुन सिंह, भक्त दर्शन, सतीश चंद्र मौजूद रहे।



