सीतापुर पार्किंग में बिस्तर लगाने सहित अतिरिक्त वाहन शुल्क लेने का आरोप, व्यापारियों ने पार्किंग का किया घेराव

फाटा। सीतापुर पार्किंग में तीर्थयात्रियों से अवैध वसूली को लेकर गुस्साए व्यापारियों ने पार्किंग का घेराव कर पार्किंग संचालक से अवैध वसूली को तत्काल बंद करने का आह्वान किया। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अमला मौजूद रहा।
दरअसल, केदारनाथ यात्रा के अहम पड़ाव सीतापुर में स्थित पार्किंग में गत दिनों से पार्किंग में बिस्तर लगाकर यात्रियों को सुलाने में मनमाने रुपए वसूले जा रहे थे वहीं पार्किंग में वाहनों से तय राशि से अधिक वसूले जाना, साथ ही पार्किंग स्थल पर खाने पकाने पर भी शुल्क लिया जा रहा है। इस सभी अनियमिताओं से नाराज व्यापारियों ने पार्किंग का घेराव कर इस अवैध वसूली को तत्काल बंद करने की मांग की।
बता दें, सीतापुर में स्थित पर्यटन विभाग द्वारा दी गई पार्किंग इस वर्ष m/s bit solutions आजाद नगर, कृष्ण नगर दिल्ली निवासी व्यवसाई भारत भूषण के नाम आवंटित की गई। जो कि आगामी पांच वर्षों तक इसी व्यक्ति को टेंडर प्रक्रिया के अनुसार दी गई है।
अनुबंध के अनुसार पार्किंग के अंदर बने हाल में सौ रुपए देकर कोई भी विजिटर विश्राम कर सकता है। व्यापारियों का आरोप है , कि पार्किंग संचालक द्वारा प्रतिदिन लगभग पांच सौ से एक हजार तीर्थ यात्रियों से ढाई सौ वसूलकर उन्हें रजाई गद्दा मुहैया करवा रहा है। साथ ही खाना बनाने के लिए दिए गए अतिरिक्त स्थान के लिए प्रति वाहन से भी एक हजार दो सौ रुपए वसूले जा रहे हैं।
अनुबंध के अनुसार 8 घंटे पार्किंग की व्यवस्था देने पर प्रति वाहन से तीन सौ लेने का प्रावधान है। आरोप है, कि इन वाहन स्वामियों से तिगुना किराया वसूला जा रहा है। कई दिनों से आ रही इस तरह की शिकायतों से आक्रोशित व्यापारियों ने पार्किंग संचालक के विरुद्ध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विधायक प्रत्याशी स्वाभिमान मोर्चा से जुड़े त्रिभुवन चौहान की अगुवाई में भारी तादात में व्यापारियों ने पार्किंग संचालकों द्वारा बरती जा रही घोर लापरवाई को लेकर विरोध दर्ज किया।
होटल एसोसिएशन केदारघाटी सचिव मनोज सेमवाल ने बताया कि सीतापुर पार्किंग पर्यटन विभाग से तय अनुबंध के विपरीत कार्य कर रही है, व्यापारियों के आपत्ति दर्ज करने पर भी प्रशासन मौन बना हुआ है।
सामाजिक कार्यकर्ता अशोक सेमवाल ने कहा कि प्रतिदिन इस हॉल में सैकड़ो तीर्थ यात्री ढाई सौ देकर सो रहे हैं, जबकि उनके लॉज खाली रहते हैं, जिस कारण उनकी आर्थिकी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। व्यापारियों ने कहा कि जब तक पार्किंग संचालक अवैध वसूली बंद नहीं करता धरना जारी रहेगा। वहीं, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि सीतापुर पार्किंग में अनुबंध के अनुसार सौ रुपए में रजाई गद्दा दिए जाने का प्रावधान है। साथ ही प्रति आठ घंटे का पार्किंग शुल्क तीन सौ शुल्क लिए जाने का प्रावधान है। यदि इससे अधिक समय हो जाता है तो अतिरिक्त तीन सौ का अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि इससे अधिक यात्रियों से वसूला जा रहा है, तो इसकी जांच की जाएगी।



