बुनियादी सुविधाओं से अछूता शिव पार्वती विवाह स्थल त्रियुगीनारायण
बुनियादी सुविधाओं से अछूता शिव पार्वती विवाह स्थल त्रियुगीनारायण
फाटा। देश विदेश में वेडिंग डेस्टिनेशन के नाम से प्रसिद्ध शिव पार्वती विवाह स्थल आज भी बुनियादी सुविधाओं से अछूता बना हुआ है। ग्रामीण लंबे अरसे से शासन प्रशासन के सम्मुख समस्याओं को प्रस्तुत कर चुके हैं परंतु आज तक समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।
जनपद रूद्रप्रयाग के सीमांत गांव त्रियुगीनारायण में स्थित पौराणिक धार्मिक मंदिर शिव पार्वती विवाह स्थल त्रियुगीनारायण आज प्रदेश ही नहीं देश विदेश में नवयुगलों की शादी हेतु पहली पसंद बन कर उभर रहा है। शादी के शुभ मुहूर्त पर इस धार्मिक स्थल में बड़ी तादात में नव युगल शादी के बंधन में बंधते हैं। बीते पांच सालों में इस पौराणिक स्थान पर राज नेता, फिल्म स्टार, खिलाड़ी एवं बड़े अफसर शादी के बंधन में बंध भगवान त्रियुगीनारायण का आशीर्वाद प्राप्त किया है। गत वर्ष करीब तीन सौ से अधिक श्रद्धालु इस पवित्र स्थल पर शादी के बंधन में बंध चुके हैं वहीं, नव युगल जोड़े भगवान शिव पार्वती का आशीर्वाद लेने त्रियुगीनारायण मंदिर में बड़ी तादात में पहुंचते हैं। मंदिर पर जल रहीं पवित्र अखंड अग्नि के फेरे लेकर नव युगल भगवान शिव ओर माता पार्वती के समान वैवाहिक जीवन के खुशहाली की कामना करते हैं। इस पवित्र स्थल उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, चंद्र मुखी चौटाला फेम कविता कौशिक, हंस राज रघुवंशी भी इस पवित्र स्थान पर पहुंच आशीर्वाद ले चुके हैं।
वहीं मंदिर में बुनियादी सुविधाओं का टोटा अभी भी बना हुआ है बीते दिनों मंदिर में विद्युत की पूर्ण व्यवस्था न होने पर अंधेरे में भी शादी सम्पन्न की गई। तीर्थपुरोहित लगातार क्षेत्र में शौचालय एवं बारह माह सफाई कर्मी की तैनाती की मांग लगतार उच्च अधिकारियों से कर रहें हैं। तीर्थपुरोहितों ने कहा कि त्रियुगीनारायण मंदिर श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अंतर्गत आता हैं ,जिसमें मंदिर के अंदर एवं प्रागण में बुनियादी व्यवस्थाएं बनाने की जिम्मेदारी बीकेटीसी की है।
तीर्थपुरोहित समिति अध्यक्ष सच्चिदानंद पंचपुरी ने बताया कि आज देश विदेश के श्रद्धालुओं की शादी के बंधन में बंधने हेतु त्रियुगीनारायण पहली पसंद बन रहा है, वहीं इस पौराणिक स्थल में बुनियादी सुविधाओं विद्युत, पेयजल, शौचालय एवं सड़क की कमी लगातार बनी हुई है। जिसे लेकर लगातार स्थानीय जन प्रतिनिधियों एवं उच्च अधिकारियों को अवगत किया गया लेकिन अभी तक इस समस्या का कोई सुधार नहीं हो पाया है। व्यापार संघ अध्यक्ष महेंद्र सेमवाल ने बताया कि सोनप्रयाग त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग के सुधारीकरण का कार्य तो किया गया लेकिन आज सड़क की स्थिति जस की तस बनाई हुई है, जिसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने बताया बाजार क्षेत्र में शौचालय न होने से तीर्थयात्री काफी परेशान रहते हैं, जिला पंचायत द्वारा छोटा सा शौचालय बनाया गया है जिसका समय के साथ विस्तार नहीं किया गया। वहीं मंदिर एवं बाजार में सोलर लाइटों का भी अभाव बना हुआ है।
जब अधिशाषी अभियंता पीएमजीएसवाई से सड़क के बाबत संपर्क किया गया तो उनके द्वारा सही जवाब दिए बिना फोन काट दिया गया।
वहीं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत संजय कुमार ने बताया कि त्रियुगीनारायण में वर्तमान में दो सफाई कर्मी तैनात है जिनके द्वारा बाजार क्षेत्र में सफाई चाक चौबंद की जाती है। उन्होंने बताया कि शौचालय के लिए जगह उपलब्ध न होने से उसका विस्तार नहीं हो पाया है।



