त्रियुगीनारायण में धूमधाम से मना हरियाली पर्व, पौराणिक परम्परा का ग्रामीणों ने किया निर्वहन

नितिन जमलोकी
फाटा। विकासखंड उखीमठ के सीमांत ग्राम पंचायत त्रियुगीनारायण में वामन द्वादशी पर्व से पूर्व पौराणिक परंपरा के अनुसार ग्रामीणों ने धुर्वा अष्टमी के मौके पर हरियाली पर्व धूमधाम से मनाया। ग्रामीणों ने अपने घरों में उगाई गई जौ की हरियाली को भगवान विष्णु को अर्पित किया। साथ ही ग्रामीणों ने हरियाली को गांव में एक दूसरे को भेंट किया।
न्याय पंचायत क्षेत्र फाटा के सीमांत ग्राम त्रियुगीनारायण में वर्षों से चली आ रही हरियाली पर्व को धूमधाम से मनाया गया। ग्रामीण महिलाओं ने सात दिन पहले घरों में जौ हरियाली उगाई। हरियाली पर्व पर इसे वेद मंत्रोच्चार के साथ त्रियुगीनारायण मंदिर में लाया गया। यहां मंदिर के पुजारी द्वारा हरियाली का पूजन कर सबसे पहले भगवान विष्णु के चरणों में इसे अर्पित किया गया। इसके बाद ग्रामीण हरियाली को गांव के प्रत्येक घरों में ले जाते हैं। साथ ही हरियाली को बुजुर्गों को भेंट कर आशीर्वाद लेते हैं। वामन द्वादशी मेले में हरियाली का प्रसाद यहां पहुंचने वाले भक्तों को दिया जाएगा।
मान्यता है कि भगवान विष्णु के माता अदिति के गर्भ में जन्म लेने से पूर्व उन्हें स्वप्न में बताया कि, में इस स्थान पर शुक्ल पक्ष की द्वादशी के दिन वामन रूप में जन्म लूंगा। माता अदिति ने ऋषि कश्यप को इसके बारे में जानकारी दी। इसके बाद उनके शिष्यों ने इस खुशी में हरियाली बोकर जन्म से पूर्व धुर्वा अष्टमी के दिन भगवान नारायण को अर्पित किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान रुचि देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन देवी,महिला मंगलदल अध्यक्ष आरती देवी, मठापति परशुराम गैरोला, तीर्थपुरोहित समिति अध्यक्ष सच्चिदानंद पंचपुरी, राजेश भट्ट, भक्त दर्शन सेमवाल, अमन गैरोला, सर्वेशानंद भट्ट, मित्रानंद भट्ट, विजय प्रसाद घिल्डियाल, अंकित गैरोला, सूर्य प्रसाद सेमवाल, कैलाश चंद्र गैरोला, सहित समस्त ग्रामवासी मौजूद रहे।





